कचरे का पहाड़ गिरने से 30 लोगों की मौत व 6 घायल, कई घर और वाहन भी तबाह (Video)
punjabkesari.in Monday, Aug 24, 2026 - 12:26 PM (IST)
Conakry: अफ्रीकी देश गिनी में भारी बारिश के बाद कचरे का एक विशाल पहाड़ अचानक धंस गया और देखते ही देखते आसपास की बस्ती मलबे में दब गई। राजधानी कोनाक्री के सबसे बड़े लैंडफिल में हुए इस हादसे में 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। कई घर और वाहन भी कचरे के मलबे में दब गए हैं। हादसे के बाद बचाव टीमें लगातार मलबा हटाकर लोगों की तलाश में जुटी हैं। हादसा रविवार तड़के करीब 2 बजे हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, रात में हुई भारी बारिश के बाद पानी कचरे के विशाल ढेर के ऊपर से बहने लगा। पानी के कारण कचरे के ढेर का संतुलन बिगड़ा और उसका एक बड़ा हिस्सा अचानक नीचे की ओर खिसक गया। कचरे की चपेट में आसपास बनी कई झोपड़ियां और घर आ गए। जबरदस्त मलबे में कई लोग फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का काम शुरू किया गया।
Landslide at landfill in Guinea's capital kills 30 people, government says pic.twitter.com/W7SpiHA4Qk
— TRT World Now (@TRTWorldNow) August 23, 2026
हादसे में अब तक 30 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। बचावकर्मी मलबे में दबे अन्य लोगों की तलाश कर रहे हैं। हादसे में कई घर तबाह हो गए, जबकि कुछ वाहन भी कचरे के मलबे की चपेट में आ गए। यह हादसा राजधानी कोनाक्री के दार एस सलाम इलाके में स्थित खुले कचरा डंप में हुआ। यह शहर का सबसे बड़ा लैंडफिल बताया जा रहा है। सैन्य इंजीनियरिंग बटालियन के सफाई अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल बाल्ड मामादो बैलो के मुताबिक, इस लैंडफिल को रविवार को बंद किया जाना था। प्रशासन ने लैंडफिल के आसपास रहने वाले लोगों को पहले ही इलाका खाली करने का नोटिस दिया था। नोटिस के बाद कई लोग वहां से चले भी गए थे, लेकिन हादसे के समय कुछ लोग अब भी इलाके में मौजूद थे।
Rescuers hunt for survivors after a landslide at a landfill in Guinea's capital killed 30 people. Heavy rains overnight prompted the collapse of a massive mound of waste that engulfed nearby tents and shacks https://t.co/5PaVINmF4g pic.twitter.com/z4vwxZNqZA
— Reuters (@Reuters) August 24, 2026
गौरतलब है कि कई अफ्रीकी शहरों की आबादी तेजी से बढ़ रही है, लेकिन कचरा निपटाने की व्यवस्था उसी गति से विकसित नहीं हो पाई है। इसका नतीजा यह है कि शहरों के बाहर बड़े-बड़े खुले कचरा डंप बनते जा रहे हैं। जैसे-जैसे इन जगहों पर कचरा बढ़ता है, उसके ढेर ऊंचे और भारी होते जाते हैं। लंबे समय तक दबे रहने के कारण कचरे की परतों के बीच अस्थिरता पैदा हो सकती है। भारी बारिश ऐसे कचरे के ढेर को और खतरनाक बना देती है। पानी कचरे के अंदर पहुंच जाता है और पूरे ढेर का वजन बढ़ जाता है। इसके अलावा पानी के दबाव से कचरे की परतों के बीच पकड़ कमजोर हो सकती है।
