किम जोंग नाम के हत्या मामले में नया मोड़

Monday, Oct 02, 2017 - 05:46 PM (IST)

मलेशियाः उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन के सौतेले भाई किम जोंग नाम की हत्या के मामले में उस समय नया मोड़ आ गया जब मलेशिया में शुरू हुई सुनवाई दौरान आज दोनों आरोपी महिलाओं ने खुद को बेकसूर बताया।  किम जोंग नाम की हत्या रासायनिक युद्ध के लिए तैयार किए गए घातक नर्व एजेंट से की गई थी, जिससे पूरा विश्व स्तब्ध रह गया था। राजधानी कुआलालम्पुर के बाहर शाह आलम अदालत में इंडोनेशिया की सिती आसियाह और वियतनाम की डोन थी हुओंग ने दुभाषियों के माध्यम से अपनी दलीलें दर्ज कराईं। 

पहले मलय परिधान पहने आसियाह (25) पर लगाए गए हत्या के आरोपों को इंडोनेशियाई भाषा में पढ़ा गया। आसियाह ने दुभाषिये से कुछ बात की जिसके बाद दुभाषिया ने संकेत दिया कि वह खुद को बेकसूर बता रही है। इसके बाद डोन थी हुओंग (29) पर लगाए गए आरोपों को वियतनामी भाषा में पढ़ा गया। उसके दुभाषिये ने भी अदालत को सूचित किया कि वह स्वयं को बेकसूर बता रही है। 

फरवरी में किम जोंग नाम की हत्या के कुछ दिन बाद ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। किम जोंग नाम 13 फरवरी को मकाउ के लिए विमान पकड़ने कुआलालंपुर हवाई अड्डे पर इंतजार कर रहे थे। वहीं उन्हें मारा गया था। दोनों आरोपियों पर किम जोंग नाम के चेहरे पर टॉक्सिक वी एक्स नर्व एजेंट मलने का आरोप है।

Advertising