24 साल छोटी लड़की के प्यार में जिन्ना ने किया था एेसा काम, किस्सा जान हो जाएंगे हैरान

Wednesday, Apr 19, 2017 - 03:17 PM (IST)

इस्लामाबादः पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना ने 40 साल की उम्र में जब रूट्टी पेटिट से शादी करने की इच्छा जताई थी, तो रूट्टी ने एक शर्त रखी थी। जिन्ना से 24 साल छोटी पारसी लड़की रूट्टी ने कहा कि उन्हें अपनी मूंछें मुंडवानी होंगी। इसके बाद जिन्ना ने अपनी मूंछें कटवा लीं और रूट्टी को प्रभावित करने के लिए अपनी हेयर स्टाइल भी बदल ली।वरिष्ठ पत्रकार शीला रेड्डी ने जिन्ना के जीवन के बारे में ऐसे कई दिलचस्प किस्सों का खुलासा किया है। उन्होंने अपनी पुस्तक 'मिस्टर एंड मिसेज जिन्ना..द मैरिज दैट शुक इंडिया' में रूट्टी के साथ जिन्ना के विवाह के किस्से बयां किए हैं।

उन्होंने सोमवार शाम अपनी पुस्तक के बारे में चित्रों के साथ लैक्चर दिया। रेड्डी ने इस मौके पर जिन्ना और उनकी पत्नी तथा दोनों परिवारों के दुर्लभ चित्रों के अलावा उनके जीवन के रोचक किस्से बताए। उन्होंने रूट्टी के पिता दिनशा मानेकजी पेटिट की तस्वीर के साथ वह मजेदार किस्सा भी बताया, जिसमें जिन्ना ने अपने बैरिस्टर कौशल का इस्तेमाल करते हुए उनसे उनकी पुत्री का हाथ मांगा था। रेड्डी ने कहा कि जिन्ना की रूट्टी के पिता से बातचीत हो रही थी और उन्होंने उनसे इंटर कास्ट मैरिज के बारे में उनका रुख पूछा। स्वयं को राजनीतिक रूप से सही दिखाने के लिए दिनशा मानेकजी पेटिट ने कहा कि यह देश की एकता के लिए अच्छी बात होगी।

रेड्डी ने कहा कि अब जिन्ना ने अगला सवाल किया- मैं आपकी बेटी से शादी करना चाहता हूं। कहा जाता है कि उन्हें दरवाजे से बाहर फेंकवा दिया गया था और दोनों के बीच उसके बाद कभी मुलाकात नहीं हुई। उस समय रूट्टी 16 साल की ही थीं, लिहाजा निकाह के लिए उनके कानूनी रूप से योग्य होने तक दोनों को दो साल इंतजार करना पड़ा। जैसे ही रूट्टी 18 साल की हुईं, दोनों ने 1918 में मुंबई के जिन्ना हाउस में शादी कर ली। हालांकि, इसमें रूट्टी के परिवार का कोई भी सदस्य शामिल नहीं हुआ। रूट्टी ने विवाह के लिए इस्लाम कबूल किया और मरियम नाम रख लिया। रेड्डी ने पुस्तक लिखने की कहानी भी बताई। उन्होंने बताया कि नेहरू मैमोरियल लाइब्रेरी में उनकी नजर रूट्टी के कुछ पत्रों पर पड़ी, जो उन्होंने सरोजनी नायडू की दो पुत्रियों पद्मजा और लीलामणि नायडू को लिखे थे।

Advertising