महिला ने 10 साल तक फ्रीजर में छिपाए रखी मां की लाश !
Saturday, Jan 30, 2021 - 05:48 PM (IST)
इंटरनेशनल डेस्कः जापान में अपराध का एक खौफनाक मामला सामने आया है । यहां एक महिला ने अपनी मां की लाश को घर में बने फ्रीजर में 10 साल तक छिपाए रखा। इसका खुलासा तब हुआ जब एक क्लीनर उसके घर की साफ सफाई करने पहुंचा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आरोपी महिला 48 साल की युमी योशिनो राजधानी टोक्यो के एक अपार्टमेंट में अपनी मां के साथ रहा करती थी। आज से लगभग 10 साल पहले युमी की मां की मौत हो गई थी, लेकिन इस महिला ने चुपचाप शव को घर में रखे एक फ्रीजर में डालकर बंद कर दिया। मामले का खुलासा होने पर पुलिस ने आरोपी महिला युमी योशिनो को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल इस महिला को डर था कि उसे अपार्टमेंट से बाहर न निकाल दिया जाए क्योंकि नगर निगम ने इस फ्लैट को महिला की मां के नाम पर आबंटित किया हुआ था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मां की मृत्यु के समय उसकी उम्र लगभग 70 साल थी। टोक्यो नगर निगम ने इस घर का पट्टा मृतका महिला के नाम पर जारी किया था। इस महिला को डर था कि अगर नगर निगम को उसकी मां की मौत का पता चला तो उससे इस घर को खाली करवा लिया जाएगा। महिला की मौत का समय और कारण का अभी तक पता नहीं किया जा सका है।