जापान: शिंजो आबे को एयर एंबुलेंस से ले जाया गया अस्पताल, फायर ब्रिगेड अधिकारी बोला- नहीं चल रही थीं पूर्व PM की सांसें

Friday, Jul 08, 2022 - 10:41 AM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर पश्चिमी जापान में एक चुनावी कार्यक्रम में भाषण के दौरान गोली चलाई गई। गोली लगने के बाद आबे को दिल का दौरा (हार्ट फेलियर) पड़ा और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं उनकी गंभीर हालत को देखते हुए एयर एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल आबे को विमान से एक अस्पताल ले जाया गया लेकिन उस समय उनकी सांस नहीं चल रही थी और हृदय गति रुक गई थी। 

 

स्थानीय दमकल विभाग के अधिकारी मकोतो मोरिमोतो ने बताया कि आबे को गोली लगने के बाद दिल का दौरा पड़ा या सीपीए हुआ। मोरिमोतो के अनुसार, इसका मतलब है कि विमान से एक प्रांतीय अस्पताल तक ले जाते समय आबे की सांस नहीं चल रही थी और हृदय गति रुक गयी थी। मुख्य कैबिनेट मंत्री हिरोकाजू मात्सुनो ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस ने नारा में घटनास्थल से एक संदिग्ध शख्स को गिरफ्तार किया है। 

भाषण के दौरान फायरिंग

आबे संसद के ऊपरी सदन के लिए रविवार को होने वाले मतदान के मद्देनजर एक चुनावी कार्यक्रम में भाषण देने नारा गए हुए थे और वह भाषण दे रहे थे जब लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनी। दुनिया के सबसे सुरक्षित देशों में से एक माने जाने वाले जापान में यह हमला हैरान करने वाला है। जापान में बंदूक नियंत्रण के सख्त कानून लागू हैं। 

 

क्या है ‘हार्ट फेलियर' 

‘हार्ट फेलियर' शब्द का मतलब है कि दिल शरीर के बाकी अंगों तक पर्याप्त रूप से खून और आवश्यक ऑक्सीजन की आपूर्ति नहीं कर पाता है। जापान में अधिकारी कई बार इस शब्द का इस्तेमाल ऐसी स्थिति के बारे में बताने के लिए करते हैं, जिसमें पीड़ित जीवित नहीं रहता लेकिन तब तक मौत की औपचारिक घोषणा नहीं की जाती है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि आबे कितनी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

 

आबे ने 2020 में यह कहते हुए प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था कि उनकी एक पुरानी बीमारी फिर से उभर आई है। उन्होंने उस समय पत्रकारों से कहा था कि अपने कई लक्ष्यों को अधूरा छोड़ना उनके लिए ‘‘परेशान करने वाली बात'' है। उन्होंने सालों पहले उत्तर कोरिया द्वारा अगवा किए गए जापानी नागरिकों के मुद्दे, रूस के साथ क्षेत्रीय विवाद और जापान के युद्ध त्यागने वाले संविधान के संशोधन के मुद्दों को हल करने में अपनी नाकामी की बात की थी। जापान में अमेरिका के राजदूत रैम एमैनुअल ने आबे को गोली मारे जाने की घटना पर दुखी और हैरानी जताई। उन्होंने कहा, ‘‘आबे जापान के एक उत्कृष्ट नेता और अमेरिका के मजबूत सहयोगी रहे हैं। अमेरिकी सरकार और लोग आबे, उनके परिवार और जापान के लोगों की कुशलक्षेम के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

Seema Sharma

Advertising