जीवन तलाशने क्षुद्रग्रह पर पहुंचा जापान का यान हायाबुसा-2

Thursday, Jun 28, 2018 - 01:18 PM (IST)

 टोक्योः जापान एयरोस्पेस एक्सप्लोरेशन एजेंसी ने रायगु से जीवन की उत्पत्ति से पर्दा उठाने वाले नमूने एकत्रित करने के लिए दिसंबर 2014 में हायाबुसा-2 अंतरिक्ष यान लांच किया था जो साढ़े तीन साल की यात्रा के बाद पृथ्वी से 30 करोड़ किलोमीटर दूर स्थित एस्टरॉयड (क्षुद्रग्रह) रायगु पर पहुंच गया है। 

छह साल तक चलने वाले इस अभियान का नाम फाल्कन पक्षी पर रखा गया है, जिसे जापानी भाषा में हायाबुसा कहा जाता है। वैज्ञानिकों का मानना है कि एस्टरॉयड सौरमंडल विकसित होने के शुरुआती समय में ही बन गए थे। रायगु पर जैविक पदार्थ, पानी और जीवन की उत्पत्ति के लिए जरूरी तत्व भारी मात्रा में उपलब्ध हो सकते हैं। वहां के नमूनों से पृथ्वी पर जीवन संभव होने के कारणों का पता लगाया जा सकता है।

बड़े फ्रिज के आकार वाले हायाबुसा-2 में सोलर पैनल लगे हैं। अभी कुछ महीनों तक यह एस्टरॉयड से 20 किलोमीटर ऊपर रहकर उसका चक्कर लगाएगा और उतरने से पहले उसकी सतह का नक्शा तैयार करेगा। इसके बाद बचे हुए करीब 18 महीनों में यह एस्टरॉयड से नमूने एकत्रित कर 2020 के अंत तक पृथ्वी पर लौट आएगा।

जापान के वैज्ञानिकों ने इससे पहले हायाबुसा-1 लांच किया था। इस अभियान के दौरान ज्यादा नमूने नहीं जुटाए जा सके थे। बावजूद इसके वह किसी एस्टरॉयड से पृथ्वी पर नमूने लाने वाला पहला अभियान बना था। हायाबुसा-1 का सात साल लंबा अभियान 2010 में समाप्त हो गया था।

Tanuja

Advertising