अमेरिका के साथ आया जापान, रूस के बैंकों पर लगाया प्रतिबंध

Sunday, Feb 27, 2022 - 10:57 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः जापान ने ‘स्विफ्ट' अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संदेश प्रणाली से रूसी बैंकों को हटाने के निर्णय में अमेरिका और यूरोपीय देशों का साथ देने का फैसला लिया है। जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने यह जानकारी दी। यूक्रेन पर रूस द्वारा किये गए हमले की वजह से उस पर प्रतिबंध लगाने की ओर यह कदम बढ़ाया गया है। जापान, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अन्य रूसी अधिकारियों की संपत्तियों को भी जब्त करेगा। किशिदा ने संवाददाताओं से कहा कि जापान यूक्रेन को एक करोड़ अमेरिकी डॉलर की आपातकालीन मानवीय सहायता भी देगा।

किशिदा ने कहा, “यूक्रेन पर रूस का हमला यथास्थिति को बदलने का एकतरफा प्रयास है और इस कार्रवाई से अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था की नींव हिल जाएगी। यह अंतरराष्ट्रीय कानून का सीधे तौर पर उल्लंघन है और हम कड़े शब्दों में इसकी भर्त्सना करते हैं।” प्रधानमंत्री ने कहा, “जापान यूक्रेन के लोगों के साथ खड़ा है जो अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता और परिवारों की रक्षा के लिए लड़ रहे हैं।”

Yaspal

Advertising