जापान पहुंचे ट्रंप, व्यापारिक संबंधों को संतुलित बनाने का किया आह्वान

Saturday, May 25, 2019 - 09:32 PM (IST)

टोक्योः अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जापान के साथ व्यापारिक संबंधों को कुछ और बेहतर तथा संतुलित बनाने का शनिवार को आह्वान किया। ट्रंप जापान के साथ अमेरिका के संबंधों को मजबूत करने और उत्तर कोरिया से बढ़ते खतरों पर चर्चा करने के लिए चार दिवसीय यात्रा पर तोक्यो पहुंचे।

ट्रंप ने टोयोटा, होंडा और निसान जैसी जापान की कुछ शीर्ष कंपनियों के अधिकारियों की उपस्थिति में कहा, ‘‘जापान को कई सालों से फायदा मिलता रहा है। लेकिन यह ठीक है, संभवत: यही कारण है कि आप लोग हमें इतना पसंद करते हैं। जब द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर सहमति बन जाएगी, यह कुछ और न्यायसंगत हो जाएगा।'' उन्होंने कहा, ‘‘इस सौदे से हम अमेरिका के निर्यात की बाधाएं तथा व्यापार असंतुलन को दूर करना चाहते हैं और हमारे संबंधों में पारस्परिकता सुनिश्चित करना चाहते हैं।''

ट्रंप ने कहा, ‘‘हम जल्दी ही कई घोषणाएं करने वाले हैं और अगले कुछ महीने में कुछ और बड़ी घोषणाएं होंगी।'' जापान और अमेरिका के अधिकारियों ने ट्रंप और जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे के बीच के संबंध को ‘अप्रत्याशित' बताते हुए इसकी सराहना की है। दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध मजबूत करने के लिए दोनों नेता वार्ता करेंगे।

ट्रंप सोमवार को जापान के नए राजा नारूहितो से मुलाकात करेंगे। नारूहितो इस महीने की शुरुआत में ही जापान की राजगद्दी पर बैठे हैं। आबे हाल ही में अमेरिका से लौटे हैं और ट्रंप भी करीब महीने भर बाद ओसाका में आयोजित होने वाले जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन के लिए दोबारा जापान आएंगे। ट्रंप के यहां पहुंचने से करीब एक घंटा पहले 5.1 तीव्रता के एक भूकंप ने टोक्यो की इमारतों को हिला दिया। इस भूकंप का केंद्र उस स्थान के बेहद करीब है जहां दोनों नेता मुलाकात करने वाले हैं।

 

Pardeep

Advertising