जापान ने उत्तर कोरिया पर प्रतिबंध के उल्लंघन का आरोप लगाया

Friday, Jun 01, 2018 - 05:10 PM (IST)

तोक्यो : जापान ने शुक्रवार को कहा कि उसने उत्तर कोरिया द्वारा प्रतिबंध के उल्लंघन के एक संदिग्ध मामले की शिकायत संयुक्त राष्ट्र से की है। यह मामला जहाज से जहाज में सामान को लादने और उतारने से जुड़ा है। तोक्यो ने कहा कि कुछ दिन पहले भी ऐसे ही एक संदिग्ध प्रतिबंध उल्लंघन के एक मामले को उसने रोका था।

विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि उत्तर कोरिया के परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम को लेकर लगाए गए प्रतिबंध के उल्लंघन की इस साल तोक्यो द्वारा की गई यह छठी शिकायत है। तोक्यो ने एक मालवाहक जहाज से सामान के स्थानांतरण की शिकायत की है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि एक जापानी सैन्य निगरानी जहाज ने 24 मई को पूर्वी चीन सागर में उत्तर कोरिया के मालवाहक जहाज को ‘म्योंग रू 1’ नाम के एक जहाज के साथ देखा।

इस जहाज की राष्ट्रीयता के बारे में अभी जानकारी नहीं है। इसमें कहा गया , ‘(जापानी) सरकार को इस बात का पक्का शक है कि वे सामान को लाद या उतार रहे थे जो संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव के तहत प्रतिबंधित है।’ मंत्रालय ने उत्तर कोरिया के टैंकर की पहचान ‘सैम जोंग 2’ के तौर पर की है। यह उन जहाजों में से एक है जिन्हें संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह तक आने की मंजूरी नहीं मिली थी। 

shukdev

Advertising