अबु धाबी में बिना चप्पल व हिजाब में दिखी इवांका ट्रंप, तस्वीरें वायरल

Wednesday, Feb 19, 2020 - 12:59 PM (IST)

दुबईः संयुक्त अरब अमीरात के दौरे पर गई अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप एक बार फिर सोशल मीडिया पर छाई हुईं हैं। शनिवार को अबु धाबी के एक मस्जिद के दौरे पर गईं इवांका की तस्वीरें वायरल हो रही हैं जिन्हें देखकर लोग बेहद खुश हो रहे हैं। मस्जिद में वह सिर को स्कार्फ से ढके नजर आईं। इस दौरान उन्होंने नियमों के तहत अपने जूते उतार लिए थे। उनकी यह तस्वीरें काफी वायरल हो रही है।

इससे पहले इवांका ने दुबई में महिला उद्यमियों और क्षेत्रीय नेताओं के सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होने महिला अधिकारों में महत्वपूर्ण सुधारों को लेकर अमेरिका के सहयोगियों-सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) सहित पश्चिम एशिया के कुछ देशों की रविवार को सराहना की। इवांका ने कहा, 'हम जानते हैं कि जब महिलाएं सफलता के लिए स्वतंत्र होती हैं, तो परिवार उन्नति करते हैं, समुदाय फलते-फूलते हैं और देश मजबूत बनते हैं।' उन्होंने अपने संबोधन में कहा, 'आज, अमेरिका में महिलाएं समाज के हर क्षेत्र में अग्रणी हैं।

पिछले साल अमेरिका की श्रमशक्ति में पुरुषों की तुलना में महिलाओं की संख्या अधिक थी और नई नौकरियों में से 70 प्रतिशत महिलाओं के नाम रहीं।' हालांकि, उन्होंने अमेरिका में वैतनिक अवकाश का कोई जिक्र नहीं किया है। अमेरिका में वर्तमान में कुछ राज्य ही ऐसे हैं जो वैतनिक अवकाश देते हैं।

इवांका ने अपने संबोधन में पुरुष रिश्तेदार की अनुमति के बिना महिलाओं को विदेश यात्रा और पासपोर्ट हासिल करने की अनुमति देने के लिए कानून में किए गए सुधार को लेकर सऊदी अरब की सराहना की जहां 2018 में महिलाओं के कार चलाने पर लगी रोक भी हटा ली गई थी।

Tanuja

Advertising