ट्रंप की पहली विदेश यात्रा बेटी के लिए बनी फायदे का सौदा !

Monday, May 22, 2017 - 01:39 PM (IST)

वॉशिंगटनः अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पहली विदेश यात्रा उनकी बेटी के प्रोजेक्ट के लिए फायदे का सौदा साबित हुई है। एक रिपोर्ट के मुताबिक सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात ने इवंका ट्रंप के प्रस्तावित वुमन इंटरप्रोन्यर्स प्रोजैक्ट के लिए 10 करोड डॉलर देने का आश्वासन दिया। राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में ट्रंप ने चैरिटी के कामों के लिए सऊदी से फंड लेने के लिए प्रतिद्वंद्वी हिलेरी क्लिंटन की आलोचना की थी। इसके बावजूद ट्रंप की बेटी इवांका के प्रोजैक्ट के लिए सऊदी ने यह राशि दी है। फंड की रकम का नियंत्रण वर्ल्ड बैंक द्वारा किया जाएगा और इवांका की इसमें कोई भूमिका नहीं होगी। मगर, इवांका इसके लिए फंड जुटाना जारी रखेंगी।

विश्व बैंक ग्रुप के अध्यक्ष जिम योंग किम के साथ इवांका ने इस प्रोजेक्ट को खड़ा किया है और कई विश्व के नेताओं से इसके बारे में चर्चा की है। इस दौरान वह अपने पिता के सलाहकार के रूप में काम करती रहेंगी और विदेशी डिप्लोमेट्स के साथ मुलाकात करने के लिए वह पिता के साथ यात्रा करती रहेंगी।  सऊदी से मिली 10 करोड़ डॉलर की राशि क्लिंटन फाउंडेशन पर राष्ट्रपति ट्रंप के हमलों का स्पष्ट विरोधाभास खड़ा करती हैं। राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में ट्रंप ने बार-बार क्लिंटन फाउंडेशन पर निशाना साधा था कि वह सऊदी अरब और अन्य देशों से धन स्वीकार करता है, जो मानवाधिकार उल्लंघन के लिए कुख्यात हैं।

ट्रंप ने जून 2016 की फेसबुक पोस्ट में लिखा था कि सऊदी अरब और कई देश, जो क्लिंटन फाउंडेशन को बड़ी मात्रा में पैसे देते हैं,  महिलाओं को दास बनाना और लोगों की हत्या करना चाहते हैं। हिलेरी को ऐसे सभी देशों से मिले पैसे वापस कर देने चाहिए। ट्वीट्स और सार्वजनिक बयानों में क्लिंटन फाउंडेशन को ट्रंप एक 'क्रिमिनल इंटरप्राइज' करार दे चुके हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सेक्रेट्री ऑफ स्टेट्स के रूप में काम करने के दौरान हिलेरी ने विदेशी सरकारों से चैरिटी ने नाम पर डोनेशन लिए हैं।
 

Advertising