IT आउटेज से American Airlines की उड़ानें ठप, पूरे अमेरिका में लगा ग्राउंड स्टॉप
punjabkesari.in Wednesday, Jul 29, 2026 - 02:46 PM (IST)
अमेरिका: अमेरिकन एयरलाइंस के टेक्नोलॉजी सिस्टम में खराबी आने के बाद फ़ेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने पूरे अमेरिका में एयरलाइन के लिए सिस्टम-वाइड ग्राउंड स्टॉप लागू कर दिया। IT आउटेज के कारण जो विमान अभी तक उड़ान नहीं भर पाए थे, उन्हें रोक दिया गया, जबकि पहले से हवा में मौजूद उड़ानें सामान्य रूप से संचालित होती रहीं।
FAA की एडवाइज़री के अनुसार, यह रोक एयरलाइन के टेक्नोलॉजी सिस्टम में आई खराबी की वजह से लगाई गई थी। हालांकि, करीब एक घंटे के भीतर ऑपरेशन फिर से शुरू कर दिए गए और अमेरिकन एयरलाइंस की उड़ानें दोबारा उड़ान भरने लगीं।
एयरलाइन ने बयान जारी कर कहा कि टेक्नोलॉजी संबंधी दिक्कत के कारण कुछ सिस्टम की कनेक्टिविटी प्रभावित हुई थी, लेकिन अब कनेक्टिविटी पूरी तरह बहाल हो चुकी है। कंपनी ने यात्रियों से हुई असुविधा के लिए माफ़ी मांगते हुए कहा कि उसकी टीम ने सिस्टम को जल्द ऑनलाइन कर दिया। इस रुकावट के कारण 1,100 से ज्यादा उड़ानों में देरी हुई, जबकि 220 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। (रॉयटर्स)
