जापान ने ताइवान को दान कीं कोविड टीके की 12. 4 लाख खुराक

Friday, Jun 04, 2021 - 04:14 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: जापान से एस्ट्राजेनेका टीके की 12.4 लाख खुराक लेकर एक विमान शुक्रवार को ताइवान के ताओयुआन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर पहुंचा। ताइवान में महामारी शुरू होने के बाद से सबसे बुरे हालात से लड़ने के लिए यह मदद भेजी गई है। स्वशासी द्वीपसमूह ताइवान अपने खुद के टीके पाने के लिए संघर्ष कर रहा है और इस बाबत एक सौदे में हस्तक्षेप करने के लिए चीन को जिम्मेदार ठहरा रहा है। लेकिन अब जापान की मदद से ताइवान ने अपनी टीका आपूर्ति को दोगुना किया है। 

जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सू मोतेगी ने शुक्रवार सुबह संवाददाताओं से कहा कि यह अनुदान ताइवान के साथ जापान की महत्वपूर्ण साझेदारी और मित्रता को झलकाता है। ताइवान के विदेश मंत्री जोसफ वू ने बृहस्पतिवार को कहा कि चीन टीकों और महामारी संबंधी अन्य सहायता मुहैया कराने के एवज में विदेशों में राजनीतिक फायदा पाने की कोशिश कर रहा है। इससे पहले वू ने चीन पर ताइवान के मित्र देश पराग्वे को टीकों का लालच देकर उस पर ताइवान के साथ कूटनीतिक संबंधों को तोड़ने का आरोप लगाया था। उन्होंने दावा किया कि चीन ने ताइवान का संपर्क विश्व स्वास्थ्य संगठन जैसे अंतरराष्ट्रीय संस्थानों से काट रखा है और कोवैक्स से उसे मिलने वाले सहयोग को भी रोक रखा है। 

Anil dev

Advertising