डोनाल्ड ट्रंप को नहीं दे सकते खुफिया जानकारी, फिसल सकती है उनकी जुबान: जो बाइडेन

Saturday, Feb 06, 2021 - 05:34 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को उनके अस्थिर व्यवहार के कारण गोपनीय खुफिया जानकारियां नहीं दी जानी चाहिए। अमेरिका में कार्यकाल पूरा करने वाले राष्ट्रपति को शिष्टाचार के तौर पर ऐसी जानकारियां देने का इतिहास रहा है। अमेरिका के राष्ट्रपतियों को कार्यकाल खत्म होने के बाद भी अकसर खुफिया सूचनाएं और गोपनीय जानकारियां दी जाती हैं। 

बाइडन ने सीबीएस न्यूज को दिये साक्षात्कार में कहा, मैं कयास नहीं लगाना चाहता। मुझे बस यही लगता है कि उन्हें खुफिया जानकारियां दिये जाने की जरूररत नहीं है। उन्हें खुफिया जानकारियां देने का क्या महत्व है? वह क्या प्रभाव डाल सकते हैं? इसके बजाय तथ्य तो यह है कि कभी भी उनकी जुबान फिसल सकती है और वह कुछ भी कह सकते हैं। यह साक्षात्कार रविवार को प्रसारित किया जाना है। शुक्रवार को इसके के कुछ अंश प्रसारित किये गए। 

बाइडन ने कहा कि ट्रंप को उनके अस्थिर व्यवहार के कारण ऐसी जानकारियां नहीं दी जानी चाहिये। इससे पहले, इस सप्ताह की शुरुआत में व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने कहा था कि ट्रंप को खुफिया जानकारियां देने के विषय में समीक्षा की जा रही है। डेमोक्रेटिक पार्टी के कुछ सांसदों और यहां तक कि तत्कालीन ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों ने भी उन्हें जानकारी देते रहने के बारे में सवाल उठाए थे। 

Anil dev

Advertising