भारतीय वैज्ञानिक ने तैयार की ऑक्सफोर्ड की नई कोरोना वैक्सीन

Wednesday, Sep 09, 2020 - 05:39 AM (IST)

लंदन: ब्रिटेन की ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में भारतीय वैज्ञानिक प्रोफैसर सुमी विश्वास ने कोरोना वायरस की एक नई वैक्सीन तैयार कर ली है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया की सबसे बड़ी वैक्सीन उत्पादक कंपनी सीरम इंस्टीच्यूट ऑफ इंडिया के साथ सांझेदारी के तहत इस एक्सपैरीमैंटल वैक्सीन के ह्यूमन ट्रायल (फेज 1 और 2) ऑस्ट्रेलिया में शुरू हो गए हैं। 

प्रोफैसर सुमी विश्वास ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के जेनर इंस्टीच्यूट में प्रोफैसर एड्रियन हिल और सारा गिल्बर्ट के साथ काम कर चुकी हैं। सुमी विश्वास ने 2017 में स्पाईबायोटैक कंपनी  बनाई  थी। स्पाईबायोटैक कंपनी ने ही कोरोना की नई वैक्सीन तैयार की है। कंपनी की सी.ई.ओ. सुमी विश्वास ने कहा कि दोनों फेज के ट्रायल के दौरान कई सौ लोगों को वैक्सीन की खुराक दी जाएंगी। 

नई वैक्सीन में हैपेटाइटिस बी एंटीजेन के वायरस जैसे कण को कैरियर के तौर पर इस्तेमाल किया गया है जिससे कोरोना वायरस स्पाइक प्रोटीन जुड़े हैं। इसके जरिए ही शरीर में इम्युनिटी डिवैल्प होगी। सुमी विश्वास ने ऑक्सफोर्ड से ही पी.एच.डी. की डिग्री ली है और जेनर इंस्टीच्यूट के साथ मलेरिया की वैक्सीन तैयार करने के लिए कई साल तक काम कर चुकी हैं। बेंगलूर यूनिवर्सिटी से माइक्रोबायोलॉजी की पढ़ाई करने के बाद 2005 में सुमी ब्रिटेन चली गई थीं। 

स्पाईबायोटैक ने 19.8 मिलियन डॉलर का फंड जुटाया
स्पाईबायोटैक ने सीरम इंस्टीच्यूट के साथ वैक्सीन के लाइसैंस का समझौता किया है। इससे पहले सीरम इंस्टीच्यूट ऑक्सफोर्ड की पहली कोरोना वैक्सीन के उत्पादन के लिए एस्ट्राजेनका कंपनी के साथ भी समझौता कर चुकी है। इसके तहत सीरम इंस्टीच्यूट 1 अरब वैक्सीन की खुराक तैयार करेगी। स्पाईबायोटैक कंपनी ने अब तक करीब 19.8 मिलियन डॉलर की राशि फंडिंग के जरिए जुटा ली है। ऑक्सफोर्ड साइंसेज इन्नोवेशन और गूगल वैंचर्स की ओर से यह फंडिंग की गई है।

Pardeep

Advertising