सिंगापुर में भारतीय महिला इंजीनियर सम्मानित

Sunday, Apr 16, 2017 - 12:30 PM (IST)

सिंगापुर: भारत की पर्यावरण इंजीनियर तृप्ति जैन को सिंगापुर में प्रतिष्ठित कार्टियर वूमेंस इनीशिएटिव अवार्ड से सम्मानित किया गया है। सूखे और बाढ़ से निपटने में छोटे किसानों के लिए किए गए काम के लिए उन्हें सम्मानित किया गया। जैन ने 2013 में नैरीता सर्विसेज की शुरुआत की थी। इसके तहत छोटे किसानों को बाढ़ और सूखे से बचाने के लिए वर्षा जल संचयन की तकनीक मुहैया कराई जाती है।

दुनिया के 120 देशों से करीब 1900 लोगों ने पुरस्कार के लिए आवेदन किया था। स्वतंत्र अंतर्राष्ट्रीय ज्यूरी ने इनमें 6 लोगों का चयन किया। तृप्ति जैन(46)इनमें से एक रहीं। सभी छह विजेताओं को बतौर पुरस्कार एक लाख डॉलर (करीब 65 लाख रुपए) की राशि दी गई। महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पुरस्कार की शुरुआत 2006 में की गई थी। तब से इस साल पहली बार पुरस्कार कार्यक्रम का आयोजन फ्रांस से बाहर किया गया। इस मौके पर जैन ने कहा, 'मुझे गर्व है जो मेरी टीम ने हासिल किया है। पुरस्कार राशि का उपयोग काम को बढ़ाने और महिलाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए कार्यक्रम चलाने में किया जाएगा।' 

Advertising