कुलभूषण जाधव की विवादित सजा के बीच भारत करने जा रहा 11 पाक कैदी रिहा

Monday, Jun 12, 2017 - 11:16 AM (IST)

नई दिल्ली: भारत-पाकिस्तान के बीच के रिश्तों की तल्खी किसी से छिपी नहीं है इसके बीच भारत ने एक सकारात्मक कदम उठाया है। 


भारत ने दिखाई दरियादिली
मीडिया सूत्रों के मुताबिक, भारत ने पाकिस्तान पर दरियादिली दिखाते हुए भारतीय जेल में बंद 11 पाक कैदियों को रिहा करने का फैसला किया है। इन कैदियों को आज (12 जून) रिहा किया जाएगा।  कजाकिस्तान की राजधानी अस्ताना में हुए शंघाई को-ऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन (SCO) शिखर सम्मेलन में दोनों देशों के पीएम के बीच हुई मुलाकात के बाद कैदियों की रिहाई का फैसला अहम माना जा रहा है।अधिकारियों ने इस कदम को गुडविल जेस्चर करार दिया, वहीं पाकिस्तान का कहना है कि इन सभी कैदियों ने अपनी सजा पूरी कर ली है इसीलिए भारत उन्हें रिहा कर रहा है। 


इससे पहले भारत पाकिस्तानी बच्चों को कर चुका है रिहा 
इससे पहले भारत 2 पाकिस्तानी बच्चों को रिहा कर चुका है। ये दोनों बच्चे 2016 में गलती से भारत की सीमा में घुस आए थे, जिसके बाद उन्हें पंजाब पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया था।ये बच्चे अपने अंकल शहजाद के साथ सीमा पार कर भारत में घुस आए थे। शहजाद अभी भी हिरासत में है। बता दें कि पाक जेल में बंद कुलभूषण जाधव को अप्रैल में मौत की सजा सुनाए जाने के बाद इस तरह का भारत सरकार का यह पहला फैसला है।


पाकिस्तान में 132 भारतीय कैदी 
पाकिस्तान की जेलों में 132 भारतीय कैदी बंद हैं। इनमें से 57 कैदी अपनी सजा पूरी कर चुके हैं, इसके बावजूद उन्हें रिहा नहीं किया गया है। पाकिस्तानी कैदियों की रिहाई का भारत का फैसला ऐसे समय में आया है जब दोनों देश कुलभूषण जाधव मामले पर इंटरनैशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस में आमने-सामने हैं।

Advertising