ओबामा ने जताया भारत को भरोसा, साल के अंत तक भारत NSG का पूर्ण सदस्य होगा

Friday, Jun 24, 2016 - 11:50 PM (IST)

वाशिंगटन: अमेरिका ने आज कहा कि भारत के लिए परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह एनएसजी का एक पूर्ण सदस्य बनने का ‘‘आगे का एक रास्ता’’ वर्ष के अंत तक है। अमेरिका ने यह बात सोल में एनएसजी की एक पूर्ण बैठक समाप्त होने के कुछ घंटे बाद कही जिसमें चीन नीत विरोध के मद्देनजर भारत की सदस्यता के बारे में कोई निर्णय नहीं हो सका।  

 
आेबामा प्रशासन के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा,‘‘हमें पूरा भरोसा है कि हमारे समक्ष इस वर्ष के अंत तक आगे का एक रास्ता है।’’ अधिकारी ने अपना नाम गुप्त रखने की शर्त पर पीटीआई से कहा,‘‘इसके लिए कुछ काम करने की जरूरत है। यद्यपि हमें इस बात का भरोसा है कि वर्ष के अंत तक भारत एनएसजी व्यवस्था का एक पूर्ण सदस्य होगा।’’  
 
अधिकारी ने 48 सदस्यीय समूह के भीतर भारत की सदस्यता को लेकर हुई चर्चाओं एवं विरोध की जानकारी का खुलासा करने से इनकार करते हुए कहा कि आंतरिक चर्चाओं की जानकारी गोपनीय है। अधिकारी ने कहा कि यद्यपि अमेरिका का भारत की एनएसजी की सदस्यता को लेकर दृढ़ विश्वास है तथा आेबामा प्रशासन ने इस मुद्दे पर भारत एवं अन्य देशों के साथ नजदीकी तौर पर काम किया है। अधिकारी ने चर्चाओं की जानकारी दिये बिना प्रक्षेपास्त्र प्रौद्योगिकी नियंत्रण व्यवस्था एमटीसीआर में हुई इसी तरह की चर्चा का उल्लेख किया जिसमें भारत को उसके सदस्य देशों के बीच कई महीने की चर्चा के बाद इस महीने के शुरू में शामिल किया गया था। एनएसजी की तरह ही एमटीसीआर में भी निर्णय सहमति से किये जाते हंै। 
Advertising