भारत में 2016 में धार्मिक सहिष्णुता की स्थिति बिगड़ी: USCIRF

Thursday, Apr 27, 2017 - 12:48 AM (IST)

वाशिंगटन : अमेरिका के एक स्वतंत्र द्विदलीय निकाय ने दावा किया है कि भारत में 2016 में धार्मिक सहिष्णुता और धार्मिक स्वतंत्रता की स्थिति ‘‘लगातार बिगड़ती रही’’। उसने भारत को उन एक दर्जन देशों की सूची में शामिल किया है जहां कथित तौर पर धार्मिक स्वतंत्रता का गंभीर उल्लंघन हो रहा है।

अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता से संबंधित अमेरिकी आयोग (यूएससीआईआरएफ) ने अपनी वार्षिक रिपोर्ट में कहा कि हिंदू राष्ट्रवादी समूहों एवं उनके हमदर्दों ने धार्मिक अल्पसंख्यक समुदायों एवं दलितों के खिलाफ डराने, शोषण करने एवं हिंसा की कई घटनाओं को अंजाम दिया। पूर्ववर्ती मनमोहन सिंह सरकार सहित पिछले कई साल से भारत की सरकारें इस वार्षिक रिपोर्ट के निष्कर्षों को खारिज करती रही हंै जिसमें भारत में धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर हमेशा आलोचना की जाती रही है।

भारत सरकार कहती रही है कि भारत का संविधान हर नागरिक को धार्मिक स्वतंत्रता देता है। रिपोर्ट के अनुसार, ‘‘2016 में भारत में लगातार धार्मिक स्वतंत्रता की स्थिति बिगड़ी।’’ रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि भारत के 29 राज्यों में बार-बार धार्मिक स्वतंत्रता का गंभीर उल्लंघन हो रहा है।

इसमें आरोप लगाया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक तौर पर सांप्रदायिक सहिष्णुता एवं धार्मिक स्वतंत्रता के बारे में बोला है लेकिन सत्तारूढ़ दल (भाजपा) के सदस्यों के उन हिंदू राष्ट्रवादी समूहों से संबंध हैं जो धार्मिक स्वतंत्रता के उल्लंघन के मामलों में आरोपी हैं और तनाव बढ़ाने के लिए धार्मिक रूप से विभाजनकारी भाषा का इस्तेमाल करते हैं। 

Advertising