यूक्रेन का रूस पर अब तक का सबसे बड़ा हमला; एक रात में 822 ड्रोन दाग कर मचाई तबाही, 6 लोगों की मौत

punjabkesari.in Sunday, Aug 16, 2026 - 04:34 PM (IST)

Moscow: यूक्रेन ने रूस के खिलाफ जंग में अब तक के सबसे बड़े हवाई हमला कर तबाही मचा दी । इस हमले ने मॉस्को से लेकर रोस्तोव तक हड़कंप मचा दिया। रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि रातभर में 822 यूक्रेनी ड्रोन नष्ट किए गए, जबकि मॉस्को की ओर बढ़ रहे करीब 600 ड्रोन का पता चला। हमलों में कम से कम 6 लोगों की मौत की खबर है। वहीं रूस ने भी यूक्रेन पर मिसाइल और ड्रोन से पलटवार किया, जिसमें कई लोगों की जान गई। यूक्रेन ने रविवार को रूस के कई इलाकों को निशाना बनाया। रूस के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, उसकी वायु रक्षा ने रातभर में 822 यूक्रेनी ड्रोन को नष्ट करने का दावा किया। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन के अनुसार, करीब 600 ड्रोन राजधानी मॉस्को की तरफ बढ़ रहे थे। इनमें से करीब एक तिहाई ड्रोन मॉस्को क्षेत्र के ऊपर ही नष्ट किए जाने का दावा किया गया है। हमलों के कारण कई जगह आग लगने और संपत्ति को नुकसान पहुंचने की खबरें सामने आईं।
 

मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रे वोरोब्योव के मुताबिक, एक यूक्रेनी ड्रोन ने एक निजी मकान को निशाना बनाया। इस हमले में 83 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके अलावा पोडोल्स्क शहर में ऑनलाइन रिटेल कंपनी वाइल्डबेरीज के एक बड़े गोदाम में भी आग लग गई। यह कंपनी पहले भी यूक्रेनी ड्रोन हमलों की चपेट में आ चुकी है। रूस के रोस्तोव क्षेत्र में भी यूक्रेन ने बड़ा ड्रोन हमला किया। स्थानीय गवर्नर यूरी स्ल्युसार के अनुसार, क्षेत्र के तीन शहरों को निशाना बनाया गया और 150 से ज्यादा ड्रोन के हमले में पांच लोगों की मौत हो गई।  हमले में कई घर और एक रेलवे स्टेशन क्षतिग्रस्त हुए। कुछ इलाकों में जंगल में भी आग लग गई। यूक्रेन के हमलों के बाद रूस ने भी मिसाइल और ड्रोन से कई इलाकों को निशाना बनाया। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के मुताबिक, क्रिवी रिह में रूसी मिसाइल हमले में दो लोगों की मौत और 14 लोग घायल हुए। सुमी में भी एक व्यक्ति की मौत की खबर है। जापोरिज्जिया क्षेत्र में एक घर पर रूसी हमला होने से एक पुरुष और एक महिला की मौत हुई। राजधानी कीव में भी कई हमलों के बाद आग लगने की खबर है और छह लोग घायल हुए।
 

रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसके हमलों में क्रिवी रिह के एक धातु संयंत्र और कीव में कई सैन्य-औद्योगिक ठिकानों को निशाना बनाया गया। रूस ने यूक्रेन की फ्लेमिंगो मिसाइलों से जुड़े एक निर्माण केंद्र को भी निशाना बनाने का दावा किया है। यूक्रेन इन घरेलू स्तर पर विकसित लंबी दूरी की मिसाइलों का इस्तेमाल रूस के अंदर दूर तक हमले करने के लिए कर रहा है। जेलेंस्की ने शनिवार को दावा किया था कि यूक्रेन ने इन मिसाइलों का इस्तेमाल रूस के समारा क्षेत्र में स्थित एक रॉकेट अनुसंधान एवं उत्पादन केंद्र पर हमला करने के लिए किया था। यह स्थान यूक्रेनी सीमा से करीब 900 किलोमीटर दूर बताया गया। इस बीच रूस-यूक्रेन युद्ध का असर NATO क्षेत्र तक भी पहुंचता दिखा। रोमानिया के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि एक ड्रोन उसके हवाई क्षेत्र में दाखिल हुआ, जिसके बाद वहां एयर पुलिसिंग ड्यूटी कर रहे स्पेनिश F-18 लड़ाकू विमान ने उसे मार गिराया। ड्रोन को रोमानिया के पूर्वी शहर गलाती से करीब 24 किलोमीटर उत्तर में देखा गया था। रोमानियाई निगरानी प्रणाली ने सुबह 4:44 बजे इसका पता लगाया और करीब 5:01 बजे स्पेनिश F-18 ने उसे मार गिराया।

  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja