बेड पर खून के धब्बों से परेशान होटल मालिक, मेहमानों से वसूल रहे मोटा सफाई चार्ज
punjabkesari.in Thursday, Nov 12, 2026 - 06:45 PM (IST)
New York: अच्छा होटल, साफ-सुथरा कमरा और आरामदायक बिस्तर... किसी भी शहर में घूमने जाने वाले शख्स की पहली पसंद यही होती है। लेकिन अमेरिका के मियामी में कुछ होटल मालिकों के लिए कमरों की सफाई और बिस्तरों को साफ रखना बड़ी चुनौती बन गया है। इसकी वजह है कॉस्मेटिक सर्जरी कराने वाले पर्यटक, खासकर ब्राजीलियन बट लिफ्ट (BBL) कराने वाले मरीज। सर्जरी के बाद उनके शरीर से निकलने वाले खून और अन्य तरल पदार्थों के कारण चादरों, तकियों और गद्दों पर दाग लग रहे हैं। इससे परेशान होटल मालिकों ने अब अतिरिक्त सिक्योरिटी डिपॉजिट और सफाई शुल्क वसूलना शुरू कर दिया है।
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका का मियामी शहर प्लास्टिक सर्जरी कराने वालों के बीच काफी लोकप्रिय है। यहां बड़ी संख्या में लोग अपने शरीर का आकार बदलवाने और खूबसूरत दिखने के लिए कॉस्मेटिक सर्जरी कराने पहुंचते हैं। इन्हीं प्रक्रियाओं में एक है ब्राजीलियन बट लिफ्ट यानी बीबीएल। इस सर्जरी में शरीर के दूसरे हिस्सों, जैसे पेट या जांघों से वसा निकालकर कूल्हों में इंजेक्ट की जाती है, जिससे उनका आकार और उभार बढ़ाया जा सके। हालांकि, सर्जरी के बाद मरीजों को तुरंत सामान्य दिनचर्या में लौटना आसान नहीं होता। उन्हें कई दिनों तक आराम और विशेष देखभाल की जरूरत पड़ सकती है। इस दौरान घावों से खून और अन्य शारीरिक तरल पदार्थ निकलने की आशंका रहती है। मुश्किल तब बढ़ जाती है, जब मरीज सामान्य होटलों में ठहरते हैं। बिस्तर पर आराम करने के दौरान चादर, तकिए, कंबल और यहां तक कि गद्दे पर भी खून के दाग लग सकते हैं। होटल मालिकों के लिए इनकी सफाई और दोबारा इस्तेमाल लायक बनाना महंगा पड़ रहा है।
600 डॉलर तक सिक्योरिटी डिपॉजिट मांग रहे होटल
मियामी के एक होटल में ठहरने पहुंचे एक यात्री को उस समय हैरानी हुई, जब उससे 600 डॉलर का सिक्योरिटी डिपॉजिट मांगा गया। उसने जब इसकी वजह पूछी तो रिसेप्शन पर कथित तौर पर बताया गया कि आसपास प्लास्टिक सर्जरी कराने वाले कई लोग ठहरते हैं और उनके कमरों में खून के दाग लग जाते हैं। ऐसे में होटल को संभावित नुकसान से बचाने के लिए इतनी रकम जमा करानी पड़ती है। एक अन्य मामले में जनवरी में मियामी लेक के एक सुइट में ठहरी महिला ने ऑनलाइन शिकायत की। उसका आरोप था कि सर्जरी के बाद ठहरने की जानकारी मिलने पर होटल ने उससे सामान्य 100 डॉलर के डिपॉजिट के अतिरिक्त 500 डॉलर जमा कराने को कहा। महिला के मुताबिक, वह पहले ही 100 डॉलर जमा करा चुकी थी। इसके बावजूद होटल कर्मचारियों ने बताया कि ऑपरेशन के बाद आराम करने वाले मेहमानों के लिए प्रबंधक ने अतिरिक्त 500 डॉलर जमा कराने का नियम बनाया है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि चादरों पर खून के दाग नहीं होने की पुष्टि के बावजूद उसे हाउसकीपिंग की सुविधा नहीं दी गई।
होटलों ने बनाए सख्त नियम
इस समस्या से निपटने के लिए कुछ होटलों ने अब विशेष मेडिकल रिकवरी नीतियां बनाई हैं। इनके तहत होटल के कमरों में सर्जरी के बाद मरीजों की देखभाल से जुड़ी गतिविधियों और चिकित्सकीय कचरे के निपटान पर पाबंदियां लगाई जा रही हैं। होटलों के सार्वजनिक हिस्सों में पट्टियां, ड्रेनेज ट्यूब और सर्जरी के बाद पहने जाने वाले विशेष कपड़ों के साथ आने-जाने को लेकर भी नियम बनाए गए हैं। इनका उल्लंघन करने पर अतिरिक्त सफाई शुल्क या जैविक रूप से खतरनाक कचरे के निपटान का खर्च वसूला जा सकता है। यह समस्या सिर्फ मियामी तक सीमित नहीं है। अमेरिका के बेवरली हिल्स में भी बड़ी संख्या में लोग कॉस्मेटिक सर्जरी कराने पहुंचते हैं। यहां कुछ विशेष कंपनियां मरीजों के लिए होटल में ठहरने से लेकर निजी नर्स, स्वास्थ्य लाभ के जरूरी उपकरण और 24 घंटे देखभाल तक की व्यवस्था करती हैं। सामान्य होटलों में मरीजों की जरूरतों को पूरा करना मुश्किल होने के कारण अमेरिका में ऑपरेशन के बाद स्वास्थ्य लाभ के लिए विशेष केंद्र यानी पोस्ट-सर्जरी रिकवरी हाउस भी विकसित किए गए हैं।
