ऑनर किलिंग: अवैध संबंध के शक में पति ने उठाया खौफनाक कदम, पत्नी और 5 बच्चों की कुल्हाड़ी से काटकर कर दी हत्या

punjabkesari.in Tuesday, Mar 17, 2026 - 06:45 AM (IST)

लाहौरः पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में सोमवार को एक व्यक्ति ने "सम्मान" के नाम पर पत्नी एवं पांच बच्चों की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह घटना लाहौर से लगभग 200 किलोमीटर दूर सरगोधा जिले के एक गांव में तड़के हुई। 

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, संदिग्ध मोहम्मद यासीन ने अपनी 45 वर्षीय पत्नी, 15 वर्षीय बेटी और एक से 12 वर्ष की आयु के चार बेटों की हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि उसे संदेह था कि उसकी पत्नी का पास के एक गांव के व्यक्ति के साथ संबंध है। उसे यह भी संदेह था कि कुछ बच्चे उसके अपने नहीं हैं। यासीन को गिरफ्तार कर लिया गया और उसने पुलिस के सामने अपना बयान दर्ज कराया। 

उसके हवाले से कहा गया, "जब मुझे पता चला कि मेरी पत्नी का किसी और के साथ अफेयर चल रहा है और वह अपने प्रेमी के साथ भागने की योजना बना रही है तो मैंने उसे और अपने सभी बच्चों को मारने का फैसला किया, क्योंकि मुझे शक था कि उनमें से कुछ बच्चे मेरे नहीं हो सकते हैं।" आधी रात को यासीन ने सोते समय अपनी पत्नी और बच्चों पर कुल्हाड़ी से हमला किया और उनकी हत्या कर दी। 

संदिग्ध ने बताया कि उसने आत्महत्या करने की कोशिश भी की और इस दौरान वह घायल हो गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि संदिग्ध की हालत स्थिर है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मानवाधिकार संगठनों के अनुसार, पाकिस्तान में हर साल "सम्मान" के नाम पर लगभग 1,000 महिलाओं की हत्या कर दी जाती है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News