अमरीका में ठंड का कहर, टूटा 100 साल पुराना रिकॉर्ड

Wednesday, Jan 03, 2018 - 12:33 PM (IST)

वॉशिंगटनः नए साल की शुरुआत के साथ ही मध्य अमरीका में हाड़ कंपाने वाली ठंड से 100 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। यहां ठंड की चपेट में आने से 4 लोगों की मौत भी हो गई।  उत्तरी-पूर्वी अमरीका में ठंड के  कहर का असर स्कूलों और लोगों की आवाजाही पर भी दिख रहा है। अमरीका में पिछले कुछ दिनों से तापमान, -6.7 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं उठा है।  

ठंड के कहर से बचने के लिए लोग प्रवास को भी मजबूर हैं। न्यूयॉर्क के एक व्यापारी का कहना है, 'मैं 78 साल से यहां हूं और मैंने अपनी याद में अभी तक यहां ऐसी कड़ाके की ठंड नहीं देखी । ऐसी ठंड देखकर मैं वापस अपने घर न्यूजर्सी जाना चाहता हूं।' हालांकि अब प्रशासन लोगों को ठंड से बचाने की सभी कोशिशें कर रहा है। अमरीकी अधिकारियों ने सभी से आग्रह किया कि ठंड में फंसे लोगों की मदद जरूर करें।  

अंतरिक्ष वैज्ञानिक ग्रैग जैलिना के अनुसार, 'न्यूयॉर्क सिटी में अभी 2 से 4 इंच बर्फ गिरने की संभावना है।' सबसे ज्यादा दक्षिण-पश्चिम अमरीका में 12 से 15 इंच बर्फ गिर सकती है।जैलिना ने यह भी कहा कि उत्तरी फ्लोरिडा में बारिश होने के आसार हैं।जॉर्जिया के तटीय इलाकों और दक्षिणी कैरोलिना में भी मंगलवार तक हल्की बर्फबारी देखने को मिलेगी। उधर पूर्वी अमरीका के लोवा, इंडियाना, ओहियो और उत्तरी कैरोलिना में सामान्य तापमान दर्ज किया गया। लंबे समय से बंद स्कूलों को भी खोल दिया गया है। इस हफ्ते के आखिर तक ठंड से राहत मिलने की संभावना है।

Advertising