यहां मिलती है एेसी आइसक्रीम, जो कभी नहीं पिघलती

Thursday, Aug 30, 2018 - 05:55 PM (IST)

इंटरनैशनल डेस्कः यूरोप और एशिया के बॉर्डर पर बसा देश तुर्की इन दिनों सियासी हलचल की वजह से सुर्खियों में है। मगर यहां पर एक ऐसी आइसक्रीम मिलती है, जो जल्‍दी नहीं पिघलती है। आप सोच रहें होंगे एेेसा कैैसे हो सकता है प ये सच है।  खास बात यह है कि ये आइसक्रीम आपको यूं ही नहीं मिल जाती है, इसे खाने के लिए अच्‍छी-खासी मशक्‍कत भी करनी पड़ती है। यह आइसक्रीम सिर्फ तुर्की में मिलती है और इसे खाने से पहले लुका-छिपी का खेल भी खेलना पड़ता है, वरना ये स्पेशल आइसक्रीम आप नहीं खा सकते।

तुर्की की ये आइसक्रीम बहुत स्पेशल है क्योंकि ये दूसरी आइसक्रीम की तरह जल्दी से पिघलती नहीं, चिपकी रहती है। यह आइसक्रीम बकरी के दूध और ऑर्किड से बनाई जाती है। इस आइसक्रीम को बनाने और इसे खिलाने की शुरुआत हुई थी तुर्की के शहर कहरमानमरास से लेकिन अब ये इस्तांबुल में भी बहुत लोकप्रिय हो गई है। तुर्की आने वाले सैलानी इस आइसक्रीम को जरूर खाते हैं। इस आइसक्रीम को खाने में  जितना मजा आता है, उतना दिलचस्‍प है इसे बेचने का अंदाज। आइसक्रीम बेचने वाले सैलानियों को बार-बार लुभाने के लिए उनकी तरफ आइसक्रीम बढ़ाते हैं, लेकिन जैसे ही लोग उसकी तरफ हाथ बढ़ाते हैं, या पकड़ने के लिए लपकते हैं तो दुकानदार उन्हें गच्चा दे देते हैं।

कभी आइसक्रीम को दूर कर लेते हैं, तो कभी खाली कोन या कप पकड़ा देते हैं। कई बार तो मुंह के पास तक आने के बावजूद आइसक्रीम खाने को नहीं मिलती है। खरीदारों को गच्चा देने का यह हुनर सीखने के लिए बेचने वालों को चार साल तक ट्रेनिंग करनी पड़ती है। तब जाकर वे यह हुनर सीख पाते हैं। इस आइसक्रीम को बेचने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ती है और बेचने वालों के हाथों में छाले तक पड़ जाते हैं। हाथ की चमड़ी सख्‍त हो जाती है। इस्तांबुल में इस तरह से आइसक्रीम की 32 किस्में बेची जाती हैं।

Isha

Advertising