पाकिस्तान में पारिवारिक विवाद दौरान फटा हथगोला, महिला और बच्चे समेत 3 की मौत
punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2026 - 04:48 PM (IST)
Peshawar: पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर हिस्से में हथगोले के विस्फोट से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के लक्की मरवत जिले में हुए इस धमाके में एक महिला और एक बच्चे समेत कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य बच्चे घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, यह घटना मंगलवार को लक्की मरवत जिले के बहराम खेल इलाके में हुई। धमाके की आवाज के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पारिवारिक विवाद के दौरान हथगोले में विस्फोट हुआ। हालांकि, हथगोला वहां कैसे पहुंचा और वह किसके पास था, इसे लेकर अभी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की पूरी परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हथगोला जानबूझकर इस्तेमाल किया गया था या किसी अन्य कारण से उसमें विस्फोट हुआ। विस्फोट में घायल तीनों बच्चों को भी इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी मामले की जांच कर रही हैं।
