वंदे भारत मिशन के तहत विदेश से वापस लाए गए साढ़े नौ लाख भारतीय

Thursday, Aug 06, 2020 - 11:55 PM (IST)

नई दिल्लीः भारत सरकार के ‘वंदे भारत' अभियान के तहत लगभग साढ़े नौ लाख भारतीयों को विदेश से वापस लाया गया। विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि विदेश में फंसे भारतीयों को वापस लाने के उद्देश्य से चलाया गया यह सबसे बड़ा अभियान है। कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर सात मई को इस अभियान की शुरुआत की गई थी।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने डिजिटल माध्यम से आयोजित प्रेस वार्ता में कहा, ‘‘वंदे भारत अभियान में हम दस लाख के आंकड़े को छूने वाले हैं। फंसे हुए भारतीयों को वापस लाने के लिए चलाया गया यह सबसे बड़ा अभियान है।'' उन्होंने कहा, ‘‘अब तक इस अभियान के तहत लगभग साढ़े नौ लाख भारतीय घर आ चुके हैं। वर्तमान में हम अभियान के पांचवें चरण में हैं। यह अभियान एक अगस्त को शुरू हुआ था।'' 

श्रीवास्तव ने कहा कि भारतीय दूतावासों से आई मांग के आधार पर 60 और उड़ानों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही इस महीने उड़ानों की संख्या बढ़कर 746 हो गई। उन्होंने कहा कि इस चरण में विदेश में फंसे 1,30,000 से अधिक भारतीयों को वापस लाने का लक्ष्य रखा गया है। 

Pardeep

Advertising