पाकिस्तान के ग्वादर में  प्रदर्शनकारियों ने की रैली,  CPEC परियोजना रोकने की दी धमकी

Tuesday, Nov 15, 2022 - 04:15 PM (IST)

पेशावरः पाकिस्तान के ग्वादर बंदरगाह में रविवार को प्रदर्शनकारियों ने  चीन के खिलाफ रैली निकाली और धमकी दी कि अगर ग्वादर में अवैध रूप से मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगाने और अनावश्यक चौकियों को खत्म करने समेत कई अन्य विवादों की मांग पूरी नहीं की गई तो वे चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (CPEC) को अवरुद्ध कर देंगे। डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदर्शन में सैकड़ों बच्चे भी शामिल हुए और ग्वादर जिले के तुर्बत, पसनी और अन्य इलाकों से प्रदर्शन करते हुए ग्वादर पहुंचे।

 

प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगें लिखी हुई तख्तियां और बैनर लेकर सड़कों पर मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने सीपीईसी (चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा) परियोजनाओं से क्षेत्र में और स्थानीय लोगों को होने वाले नुकसान के विरोध में नारे भी लगाए।  कहा जाता था कि चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (CPEC) पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था का कायापलट कर देगा। अप्रैल 2015 में शुरू इस परियोजनो को लेकर दोनों देशों के नेतृत्व ने सार्वजनिक रूप से  बयानबाजी की गई कि यह आम पाकिस्तानियों को गरीबी से उबारने में मदद करेगी। इसके बावजूद CPEC ने अभी तक अपने वादों को पूरा नहीं किया है।

 

चीनी परियोजनाएं जाहिर तौर पर बलूची लोगों को उनकी बस्तियों से विस्थापित करने का कारण बन रही हैं। उदाहरण के लिए, सदियों से ग्वादर के कुछ सबसे पुराने इलाकों में रहने वाले मछुआरों का अब ग्वादर के उत्तर में नोकेन मुल्ला बैंड में पुनर्वास किया गया है। कई लोग सीपीईसी को स्थानीय लोगों को क्षेत्र छोड़ने के लिए मजबूर करने की योजना के रूप में देखते हैं।

 

जुलाई 2022 में, बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (BLF) के प्रमुख डॉ अल्लाह नजर बलोच ने एक वीडियो संदेश में चीन से बलूचिस्तान में सीपीईसी परियोजनाओं को रोकने का आग्रह किया था। क्योंकि इस परियोजना ने लाखों स्वदेशी लोगों को जबरन विस्थापित किया और उनकी संपत्ति को नष्ट कर दिया है। चीनी निवेश के बावजूद, बलूचिस्तान उचित स्वास्थ्य सुविधाओं, शिक्षा, आवास और यहां तक कि पीने के साफ पानी की कमी के साथ बेहद गरीब बना हुआ है।
 

Tanuja

Advertising