मजदूरों पर बंदूकधारियों का हमला, ड्राइवरों को छोड़ा, 11 खनिकों को पहाड़ों में ले जाकर मार डाला

punjabkesari.in Sunday, Nov 29, 2026 - 10:38 PM (IST)

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी प्रांत बलूचिस्तान में रविवार को एक और खूनी वारदात सामने आई है। बलूचिस्तान के पहाड़ी जिले कोहलू में बंदूकों से लैस हमलावरों ने कोयला खनिकों को ले जा रहे दो मिनी-ट्रकों को रास्ते में रोक लिया और 11 मजदूरों की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। इस जघन्य हमले के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।  

चालकों को छोड़कर खनिकों को ले गए पहाड़ी पर 
कोहलू के पुलिस प्रमुख तैयब इकबाल ने बताया कि चामलांग कोयला खदानों में काम करने वाले मजदूर दो मिनी-ट्रकों में सवार होकर यात्रा कर रहे थे, तभी बंदूकधारियों ने उनके वाहनों को घेर लिया। पुलिस अधिकारी के अनुसार, हमलावरों ने दोनों ट्रकों के चालकों को छोड़ दिया, लेकिन खनिकों को पास के पहाड़ी इलाके में ले गए और उनकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

सर्च ऑपरेशन जारी, गृह मंत्री ने जताई संवेदना 
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और हमलावरों की धरपकड़ के लिए बड़ा तलाशी अभियान शुरू किया है। पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने इस बर्बर हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है।

अफ़गानिस्तान-ईरान सीमा से सटा बलूचिस्तान: BLA पर शक 
खनिज समृद्ध बलूचिस्तान प्रांत, जिसकी सीमाएं अफ़गानिस्तान और ईरान से लगती हैं, लंबे समय से अलगाववादी हिंसा से जूझ रहा है। यद्यपि रविवार को हुए इस हमले की तुरंत किसी भी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन पाकिस्तानी अधिकारियों ने प्रांत में हुई हालिया हत्याओं के लिए 'बलूच लिबरेशन आर्मी' (BLA) को आरोपी ठहराया है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep