अवैध प्रवासियों के लिए सीमा खोले यूनान : एर्दोगन

Monday, Mar 09, 2020 - 05:18 AM (IST)

इस्तांबुलः तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैय्यप एर्दोगन ने यूनान से अवैध प्रवासियों के लिए अपनी सीमा को खोलने का आग्रह किया है। यह अवैध प्रवासी यूरोप में प्रवेश करने के लिए पिछले करीब 10 दिनों से तुर्की की उत्तर-पश्चिमी सीमा पर इंतजार कर रहे हैं। एर्दोगन ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को यहां आयोजित एक बैठक में यह बात कही। उन्होंने कहा, ‘‘ यह अवैध प्रवासी यूनान में नहीं रुकेंगे। वे किसी अन्य यूरोपीय देश की ओर चले जाएंगे।''

तुर्की के राष्ट्रपति ने पाजरकुले सीमा के नजदीक अवैध प्रवासियों के खिलाफ बल प्रयोग करने को लेकर यूनानी सुरक्षाबलों की आलोचना की है। तुर्की के मुताबिक यूनान की पुलिस की ओर से की गई गोलीबारी में अब तक तीन शरणार्थियों की मौत हो चुकी है। तुर्की की सीमा में मौजूदा समय में 37 लाख से अधिक लोग रह रहे हैं।

इसके अलावा 15 लाख से अधिक लोग सीरिया से तुर्की की दक्षिण-पूर्वी सीमा में प्रवेश कर चुके हैं जिनमें अधिकतर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। एर्दोगन का कहना है कि इस मामले ने विश्व समुदाय का ध्यान अब तक आकर्षित नहीं किया है। इससे पहले गुरुवार को मास्को में तुर्की और रूस के बीच इदलिब में युद्ध विराम लागू करने को लेकर एक समझौता हुआ था।

 

Pardeep

Advertising