इस देश के नागरिकों को भारत सरकार ने दी वीजा-ऑन-अराइवल की सुविधा, 60 दिनों तक होगा मान्य

Sunday, Nov 17, 2019 - 10:06 PM (IST)

नई दिल्ली: भारत सरकार ने संयुक्त अरब अमीरात के नागरिकों के लिए वीजा-ऑन-अराइवल सुविधा का विस्तार करने का निर्णय लिया है। रविवार को अबू धाबी में भारतीय दूतावास ने यह घोषणा की है।

सरकारी सूत्रों के मुताबिक संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के नागरिकों को भारत आने के लिए पहले से ही वीजा के लिए आवेदन नहीं करना होगा अब वह भारत पहुंचने के बाद एयरपोर्ट पर ही वीजा प्राप्त कर सकते हैं। भारत सरकार ने यह फैसला देश में व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा देने के मकसद से लिया है।

यूएई के भारतीय राजदूत पवन कुमार ने ट्वीट कर कहा कि, यूएई के नागरिकों के लिए भारत सरकार की तरफ से ये विशेषाधिकार दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करेगा। उन्होंने लिखा कि, इस सुविधा का उद्देश्य व्यापार लिंक के साथ-साथ दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों को मजबूत करना है।

बता दें कि, भारत सरकार द्वारा लिए गए इस फैसले में संयुक्त अरब अमीरात के नागरिकों को वीजा-ऑन-अराइवल पर भारत में 60 दिनों तक रुकने छूट दी गई है उसके बाद नागरिकों को अपने वीजा के लिए फिर से आवेदन देना होगा। वीजा-ऑन-अराइवल पर विदेशी नागरिक भारत में व्यापार, पर्यटन, सम्मेलन और चिकित्सा जैसे लाभ उठा सकेंगे। यह सुविधा भारत के छह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डों पर उपलब्ध होगी जिनमें बैंगलोर, चेन्नई, दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता और मुंबई में शामिल है।

 

Pardeep

Advertising