विवादों में घिरी गूगल, दुनिया भर में छिड़ गई बहस

Tuesday, Aug 08, 2017 - 01:05 PM (IST)

न्यूयॉर्क: तकनीक के क्षेत्र में महिला नेतृत्व के अभाव के लिए 'जैविक कारणों' को जिम्मेदार ठहराने वाले गूगल के एक आंतरिक दस्तावेज लीक होने के बाद कंपनी विवादों में घिर गई है। लीक हुए दस्तावेज में कंपनी के किसी अज्ञात पुरुष सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने कहा कि मैं सिर्फ यह कह रहा हूं कि जैविक कारणों से महिला और पुरुष के बीच वरीयता और क्षमताओं में अंतर होता है और यही अंतर इसी बात की व्याख्या कर सकते हैं कि क्यों हमें तकनीक और नेतृत्व में समान प्रतिनिधित्व नहीं दिखाई देता।

दस्तावेज के लेखक के अनुसार, पुरुष का स्वाभाविक रुझान उन्हें बेहतर कंप्यूटर प्रोग्रामर बनाता है। वहीं, महिलाएं विचारों की बजाय भावनाओं और कला के प्रति ज्यादा झुकाव रखती हैं।  इसका अर्थ है कि वे सामाजिक क्षेत्र अथवा कलात्मक क्षेत्र में काम को ज्यादा तरजीह देती हैं। अमरीकी मीडिया ने लीक हुए इस दस्तावेज को लिंगभेद करार दिया और इसी के साथ पूरी दुनिया में लैंगिक भेदभाव और टेक क्षेत्र में विविधता की कमी की बहस को फिर से छेड़ दिया है।

यह बहस इस मायने में भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि बड़ी संख्या में महिलाएं सिलिकॉन वैली में लैंगिक भेदभाव की शिकायत खुले आम कर रही हैं। हालांकि, दस्तावेज के लीक होने पर गूगल की नई वाइस प्रेसिडेंट ऑफ डायवर्सिटी डैनियल ब्राउन ने अपने कर्मचारियों को ईमेल करके कहा कि ये वह विचार नहीं हैं, जिसका मैं या ये कंपनी प्रचार करती है अथवा बढ़ावा देती है।
 

Advertising