पहली बार खोली जाएगी  ईसा मसीह की कब्र

Saturday, Oct 29, 2016 - 11:56 AM (IST)

यरुशलमः ईसा मसीह की कब्र को पहली बार खोलने का दावा किया गया है। कई शताब्दियों के बाद इस मूल कब्र की सतह को खोला गया है। ईसाई धर्म की परंपराओं के मुताबिक यरुशलम की चर्च में मौजूद कब्र को ईसा मसीह का ही माना जाता है।

कब्र के ऊपर रखी पट्टी को हटाने वाले शोधकर्ताओं ने बताया कि इसे संभवत: 1555 के बाद नहीं खोला गया। उनके मुताबिक कब्र संगमरमर से ढकी है। नैशनल ज्योग्राफिक सोसाइटी से जुड़े पुरातत्ववेत्ता फ्रेडरिक हेईबर्ट ने बताया कि कब्र के ऊपर से संगमरमर हटाने के बाद वहां अप्रत्याशित तौर पर पदार्थ भरे मिले।

इसका वैज्ञानिक विश्लेषण करने में लंबा वक्त लगेगा, लेकिन परंपराओं के मुताबिक ईसा मसीह के शरीर को जिस शिला के ऊपर रखा गया था उसे देखा जा सका। इसको एक छोटे ढांचे से ढका गया है, जिसे एडिकुल कहते हैं। आग से नष्ट होने के कारण वर्ष 1808-10 में इसका पुनर्निर्माण कराया गया था। फिलहाल नेशनल टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एथेंस) के विशेषज्ञ एडिकुल और कब्र के आंतरिक ढांचे को दुरुस्त कर रहे हैं। कब्र की पहचान वर्ष 326 में रोमन सम्राट कांस्टेंटाइन की मां हेलेना ने की थी।

Advertising