लॉकडाउन में सस्ती सिगरेट खरीदने फ्रांस से पैदल स्पेन जा रहा व्यक्ति गिरफ्तार, लगा मोटा जुर्माना

Tuesday, Apr 07, 2020 - 03:25 PM (IST)

 

इंटरनेशनल डेस्कः कोरोनावायरस महामारी के दौरान नियमों के उल्लंघन करने पर फ्रांस के एक व्यक्ति पर मोटा जुर्माना लगाया गया है। यह व्यक्ति शनिवार को दक्षिण फ्रांस के पेर्पिग्नन शहर से स्पेन के ला जोन्केरा शहर सस्ती सिगरेट लेने के लिए पैदल जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, पहले व्यक्ति ने कार से जाने की सोची, लेकिन चेकपॉइंट पर उसे रोक दिया गया। इसके बाद उसने दो देशों की सीमाओं को बांटने वाले पहाड़ी रास्ते को चुना। यहां वह झाड़ियों के बीच से गुजरते हुए एक झरने में गिर गया।

 

इसके बाद वह पाइरेनीज इलाके की पुलिस के हाथ लगा। व्यक्ति को अधिक ठंड लग गई थी, जिससे वह होश खो बैठा था। इस कारण वह किसी से संपर्क नहीं कर सका। पुलिस ने ट्विटर पर बताया कि झरने में गिरे व्यक्ति को बचाने के लिए हेलिकॉप्टर की मदद ली गई। उस पर एंटी-कोरोनावायरस नियमों के उल्लंघन के लिए जुर्माना लगाया गया। हालांंकि उसके नाम का खुलासा नहीं किया गया है।

 

जान बचने के बाद व्यक्ति ने (135-यूरो) 11 हजार 125 रुपए का जुर्माना भरा। इसके बाद पुलिस ने उसे घर पर रहने के हिदायत देकर छोड़ दिया। दुनियाभर में कोरोनावायरस के कारण ज्यादातर देशों ने अपनी सीमाएं सील कर लॉकडाउन घोषित किया है। फ्रांस में भी लॉकडाउन हैं, लेकिन यहां जरूरी चीजों को उपलब्ध कराया जा रहा है। ऐसे में स्पेन के लोग यहां से सिगरेट, शराब, खाने की चीजें और ईंधन खरीदने आते हैं। क्योंकि स्पेन के मुकाबले फ्रांस में चीजें सस्ती होती हैं।

Tanuja

Advertising