फ्रांस संग्रहालय से 62 करोड़ का विवादित केला गायब, उड़ गई पुलिस की नींद

punjabkesari.in Monday, Jun 01, 2026 - 01:18 PM (IST)

International Desk:  फ्रांस के सेंटर पॉम्पीडू-मेट्ज़ (Centre Pompidou-Metz) संग्रहालय में प्रदर्शित दुनिया की सबसे चर्चित आधुनिक कलाकृतियों में से एक "Comedian" का केला चोरी हो गया है। यह कलाकृति प्रसिद्ध इतालवी कलाकार मौरिज़ियो कैटेलन (Maurizio Cattelan) द्वारा बनाई गई थी, जिसमें एक असली केले को दीवार पर डक्ट टेप से चिपकाकर प्रदर्शित किया जाता है। संग्रहालय प्रशासन के अनुसार, शनिवार को एक सुरक्षा गार्ड ने देखा कि कलाकृति का मुख्य हिस्सा यानी केला गायब है। इसके बाद अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी की आपराधिक शिकायत दर्ज कराई गई । दिलचस्प बात यह है कि इस कलाकृति में इस्तेमाल होने वाला केला नष्ट होने वाला (Perishable) होता है, इसलिए उसे हर तीन दिन में बदला जाता है। चोरी के बाद संग्रहालय ने तुरंत नया केला लगाकर प्रदर्शनी जारी रखी।

 

2024 में 62 लाख डॉलर में बिकी थी यह कलाकृति
यह कलाकृति 2024 में क्रिप्टोकरेंसी उद्यमी Justin Sun द्वारा 62 लाख अमेरिकी डॉलर (करीब 52 करोड़ रुपये से अधिक) में खरीदी गई थी। खरीदने के कुछ दिनों बाद जस्टिन सन ने मीडिया के सामने उस केले को खाकर भी सुर्खियां बटोरी थीं। जुलाई 2025 में भी एक आगंतुक ने संग्रहालय में प्रदर्शित इसी कलाकृति का केला खा लिया था। हालांकि उस समय सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत दूसरा केला लगा दिया था और कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई थी। कलाकार कैटेलन ने तब मजाक में कहा था कि उन्हें अफसोस है कि आगंतुक ने सिर्फ केला खाया, टेप नहीं।

 

इस बार पुलिस तक पहुंचा मामला
संग्रहालय का कहना है कि इस बार चोरी करने वाला व्यक्ति अज्ञात है, इसलिए उससे संवाद संभव नहीं है। साथ ही यह दूसरी बार है जब इस कलाकृति को नुकसान पहुंचाया गया है, इसलिए मामला पुलिस तक पहुंचाया गया।  2019 में अमेरिका के Art Basel Miami Beach में पहली बार प्रदर्शित होने के बाद से यह कलाकृति लगातार चर्चा और विवादों में रही है। कला जगत में इसे आधुनिक कला, उसकी कीमत और उसके वास्तविक मूल्य पर सवाल उठाने वाली रचना माना जाता है।

PunjabKesari

कलाकार की दूसरी चर्चित रचना
Maurizio Cattelan अपनी एक और मशहूर कलाकृति "America" के लिए भी जाने जाते हैं। यह 18 कैरेट सोने से बना पूरी तरह कार्यशील टॉयलेट था, जिसे बाद में ब्रिटेन में चोरी कर लिया गया था। उस मामले में चोरों को दोषी ठहराया गया, लेकिन सोना कभी बरामद नहीं हो सका।

 


  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News