शेख हसीना की अवामी लीग को बड़ा झटका, पूर्व मंत्री स्वपन भट्टाचार्य गिरफ्तार
punjabkesari.in Monday, Nov 30, 2026 - 01:31 AM (IST)
ढाकाः बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री स्वपन भट्टाचार्य को रविवार रात ढाका में गिरफ्तार कर लिया गया। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, प्रतिबंधित पार्टी के समर्थकों द्वारा दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी बंद शुरू किए जाने के बीच देश में फिर हिंसा भड़क उठी है।
सरकारी समाचार एजेंसी 'बीएसएस' ने पुलिस के हवाले से बताया कि पूर्व मंत्री अस्थिरता पैदा करने वाली गतिविधियों के लिए आर्थिक मदद मुहैया कराने में शामिल थे। बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यक समुदाय से ताल्लुक रखने वाले भट्टाचार्य ने हसीना सरकार में 2019 से 2024 तक ग्रामीण विकास एवं सहकारिता राज्य मंत्री के रूप में कार्य किया था। 'द डेली स्टार' समाचार पत्र ने बताया कि भट्टाचार्य को रात करीब नौ बजे ढाका के गुलशन इलाके से गिरफ्तार किया गया।
'प्रथम आलो' समाचार पत्र के अनुसार, पुलिस ने बताया कि भट्टाचार्य के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। अगस्त 2024 में हसीना सरकार के पतन के बाद से अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई जारी है। पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा हुआ है। इस बीच, अवामी लीग के दो दिवसीय बंद के पहले दिन रविवार को सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के कार्यकर्ताओं के साथ झड़पों में पार्टी से जुड़े दो लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। कई इलाकों में बम विस्फोट, आगजनी और सड़क जाम से यातायात प्रभावित हुआ।
