पूर्व कम्युनिस्ट पार्टी चीफ ने ली 140 करोड़ की रिश्वत, मिली उम्रकैद

Saturday, Aug 05, 2017 - 02:22 PM (IST)

बीजिंग: भ्रष्टाचार की गिरफ्त से चीन जैसा देश भी नहीं बच सका है। यहां की कम्यूनिस्ट पार्टी के प्रमुख नेता को रिश्वत लेने के आरोप में उम्रकैद की सजा मिली है। इस नेता पर करीब 140 करोड़ से ज्यादा की रिश्वत लेने के आरोप थे। सिर्फ साल 2016 में ही प्रांतीय स्तर और इसके ऊपर के 48 अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा चलाया जा चुका है।

आधिकारिक समाचार पत्र पीपुल्स डेली के मुताबिक,केंद्रीय शहर ल्यूयांग में लियाओनिंग प्रांत के पूर्व पार्टी नेता वांग मिन पर भ्रष्टाचार करने और ड्यूटी को नजरअंदाज करने के आरोप सिद्ध होने पर सजा सुनाई गई है। 

वांग पर आरोप था कि उन्होंने 2.2 करोड़ डॉलर से अधिक की रिश्वत ली और साल 2004 और 2016 के बीच जिलिन और लियाओनिंग प्रांत में वरिष्ठ अधिकारी के तौर पर सेवा देने के दौरान अपने पद का दुरुपयोग किया।

खबर के अनुसार वांग ने अपने कार्यकाल के दौरान वोट खरीदने सहित चुनावों में धोखाधड़ी करने का काम किया। साथी ही लियाओनिंग प्रांत के करीब 600 विधान मंडल के सदस्यों को हटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

बता दें कि यहां विधान मंडल नाममात्र में प्रांत से जुडे़ मामलों में दखल देता है। ऐसा इसलिए हैं क्योंकि यहां के सभी महत्वपूर्ण निर्णय सत्ताधारी कम्युनिस्ट पार्टी द्वारा लिए जाते हैं।

माना जा रहा है कि शी जिनपिंग राष्ट्रपति पद संभालने के बाद से ही भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई महत्वपूर्ण लड़ाई लड़ रहे हैं।

Advertising