40 डॉलर में अपने वेलेंटाइन के नाम पर खरीदें तारा ! जानें क्या हैं अंतर्राष्ट्रीय नियम ?
punjabkesari.in Saturday, Feb 14, 2026 - 06:31 PM (IST)
International Desk: वेलेंटाइन डे के मौके पर इंटरनेट पर कई ऐसी वेबसाइट्स मौजूद हैं जो दावा करती हैं कि आप अपने प्रिय के नाम पर तारे का नाम सिर्फ 40 डॉलर में रख सकते हैं। प्रमाणपत्र और ‘स्टार मैप’ के साथ यह प्रस्ताव बेहद रोमांटिक लगता है, लेकिन वैज्ञानिक सच इससे बिल्कुल अलग है। सिडनी विश्वविद्यालय की शोधकर्ता लॉरा निकोल ड्रिसेन के अनुसार, तारे के नामकरण की ये सभी सेवाएं निजी और गैर-आधिकारिक होती हैं। खगोलविद और वैज्ञानिक ऐसे नामों को मान्यता नहीं देते। तारों के आधिकारिक नाम तय करने का अधिकार केवल International Astronomical Union के पास है।
IAU के ‘वर्किंग ग्रुप ऑन स्टार नेम्स’ ने साफ कहा है कि “आकाश किसी की निजी संपत्ति नहीं है।” नियमों के अनुसार, सामान्यतः तारों का नाम किसी व्यक्ति के नाम पर नहीं रखा जा सकता। इसी कारण ये वेबसाइट्स अपने FAQ सेक्शन में यह डिस्क्लेमर देती हैं कि नाम केवल उनके निजी डेटाबेस में दर्ज होते हैं। एक और दिलचस्प तथ्य यह है कि नंगी आंखों से इंसान अधिकतम करीब 5,000 तारे देख सकता है, जबकि कई वेबसाइट्स 1 लाख से लेकर 5 लाख से ज्यादा “संतुष्ट ग्राहकों” का दावा करती हैं। यानी तारों से ज्यादा नाम बेच दिए गए हैं।
खगोलविद तारों को नाम से नहीं, बल्कि संकेतांकों (अक्षर और संख्या के संयोजन) से पहचानते हैं। एक अरब से अधिक ज्ञात तारों में से 600 से भी कम तारों के ही आधिकारिक नाम हैं, जैसे Sirius, Betelgeuse और Polaris। IAU के अनुसार, तारों के नाम आमतौर पर ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और स्वदेशी परंपराओं से लिए जाते हैं। हाल के वर्षों में सामी समुदाय जैसे स्वदेशी समाजों के पारंपरिक नाम भी आधिकारिक सूची में शामिल किए गए हैं। यानि आप आधिकारिक रूप से अपने वेलेंटाइन के नाम पर तारे का नाम नहीं रख सकते। लेकिन आप तारों भरी रात में किसी चमकते तारे की ओर इशारा कर प्यार जरूर जता सकते हैं, और शायद वही सबसे असली रोमांस है।
