रूस के होटल में गर्म पानी की बाढ़ से बच्चे समेत 5 लोगों की मौत (video)

Tuesday, Jan 21, 2020 - 10:33 AM (IST)

मॉस्कोः रूस के पर्म शहर के एक होटल में गर्म पानी की बाढ़ आने से  एक बच्चे समेत 5 लोगों की मौत हो गई। दरअसल यहा एक होटल  में गर्म पानी का पाइप फट गया। हादसा अलसुबह  होने की वजह से लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला। इस हादसे में तीन लोग बुरी तरह से जल गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर आंद्रेई बाबिकोव ने बताया कि हादसे में एक महिला 33 फीसदी तक जल गई है। वहीं, दो लोगों की स्थिति काफी गंभीर है। जिनकी उम्र 25 से 28 साल के बीच बताई जा रही है। 

रीजनल गवर्नर मेक्सिम रेशटेनिकॉव ने बताया कि यह हादसा बेहद भयानक है। जांच के लिए एक मॉनिटरिंग सर्विस का गठन किया जाएगा, जो पड़ताल करेगी कि मौत लापरवाही की वजह से तो नहीं हुई। उन्होंने लोगों को रेस्क्यू करने वाले कर्मचारियों की तारीफ की। इस घटना का सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें होटल के प्रवेश द्वार पर गर्म पानी फैला नजर आ रहा है और इमरजेंसी टीम मौके पर है। स्थानीय न्य़ूज एजेंसी के मुताबिक गर्म पानी का जो पाइप फटा है, वह 1962 से इस्तेमाल हो रहा था। पहले भी इसमें कई बार धमाके हो चुके थे। इसके बाद भी इसे नहीं बदला गया था।

Tanuja

Advertising