इस द्वीप पर गर्भधारण करना है बैन,12 साल बाद जन्मा बच्चा

Monday, May 21, 2018 - 06:26 PM (IST)

ब्रासीलियाः  घर में  बच्चे का जन्म पर पूरा परिवार खुशी मनाता है लेकिन एक द्वीप पर जब किसी बच्चे ने जन्म लिया तो पूरे द्वीप पर जश्न का माहौल था । कारण ये था कि ब्राजील के एक सुदूर द्वीप में दशकों से बच्चे के जन्म पर प्रतिबंध लगा हुआ था लेकिन अब 12 साल बाद यहां किसी बच्चे का जन्म हुआ है। मुद्दतों बाद इस द्वीप पर बच्चे की किलकारी गूंजी है जिससे यहां के निवासी उत्सुक हैं।

ब्राजील के नताल शहर से 370 किलोमीटर दूर फेर्नांदो डि नोरोन्या द्वीप पर हुए इस बच्चे के जन्म के बाद जश्न मनाया जा रहा है। इस द्वीप पर लगभग तीन हजार लोग रहते हैं लेकिन यहां कोई मैटरनिटी वॉर्ड्स नहीं है। वास्तव में यहां बच्चे के जन्म देने पर प्रतिबंध है। हैरानी की बात यह है कि शनिवार, 19 मई को जिस महिला ने बच्ची को जन्म दिया उसे पता नहीं था कि वह गर्भवती थी और बच्ची की जन्म से खुद दंग थी। 22 साल की इस महिला ने एक वेबसाइट को बताया, 'शुक्रवार रात को मुझे दर्द महसूस हुआ और मैं बाथरूम में पहुंची तो पता चला कि यह लेबर पेन था। उसके बाद नवजात के पिता ने आकर उठाया। मैंने लड़की को जन्म दिया था। मैं तो दंग रह गई।'

बच्ची को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। स्थानीय प्रशासन ने बयान जारी करके इस घटना की पुष्टि की है। अब इस द्वीप पर बच्चे का जन्म होने पर स्थानीय लोग जश्न मना रहे हैं। रिपोर्टों के अनुसार वे परिवार की मदद कर रहे हैं। कुछ ने बच्ची के लिए कपड़े भी दान किए हैं। इस बच्ची के आने से लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई हैं क्योंकि ये पल मुद्दतों बाद आया है। फेर्नांदो डि नोरोन्या में दुनिया के कई खूबसूरत बीच हैं और यह द्वीप वन्यजीव संरक्षण के लिए भी चर्चित है।

 

 

Tanuja

Advertising