नौकरी के लिए 'बेस्ट प्लेस' नहीं रहा फेसबुक, एक नजर टॉप-10 कंपनियों पर

Thursday, Dec 06, 2018 - 04:40 PM (IST)

नई दिल्लीः Facebook एक ऐसा प्लेटफार्म जहां हर तरह की जानकारी के साथ-साथ लोग लाखों रुपए भी कमा रहे हैं लेकिन हाल ही में प्राइवेसी को लेकर चर्चा में आई फेसबुक पर लोगों का भरोसा थोड़ा कम हो गया है। डेटा में सेंधमारी से जुड़े मामलों और इस साल स्टॉक गिरने के बीच सोशल मीडिया कंपनी Facebook ने अमेरिका में 'बेस्ट वर्क प्लेस' का खिताब खो दिया है। वहीं, ऐपल ने सबसे ज्यादा रोजगार देने वाली कंपनियों की लिस्ट में ऊंची छलांग लगाई है। 

पहले से गिर कर 7वें नंबर पर पहुंचा फेसबुक 
लगातार डेटा लीक और गिरते स्टॉक की वजह से अब फेसबुक अब नौकरी के लिए 'बेस्ट प्लेस' नहीं रहा। ग्लासडोर वेबसाइट ने हाल ही में 'टॉप-100 बेस्ट प्लेस टू वर्क' की लिस्ट में इस साल फेसबुक 7वें नंबर पर रहा जबकि पिछले साल फेसबुक इस लिस्ट में पहले नंबर पर था। इसके अलावा फेसबुक की रेटिंग में भी गिरावट आई है। पिछले साल फेसबुक की रेटिंग 5 में से 4.6 थी जो इस साल कम होकर 4.5 पर पहुंच गई। वहीं ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन टॉप-100 की लिस्ट में भी नहीं है।

2015 के बाद पहली बार फेसबुक की रैंकिंग में गिरावट
ग्लासडोर के कम्युनिटी एक्सपर्ट स्कॉट डोब्रोस्की के मुताबिक, फेसबुक में एम्प्लॉय सेटिस्फेक्शन लगातार गिरता जा रहा है। उन्होंने बताया कि पहली तिमाही में फेसबुक में एम्प्लॉय सेटिस्फेक्शन की रेटिंग 4.6 थी जो चौथी तिमाही तक आते 4.3 पर पहुंच गई। उन्होंने बताया कि, 'फेसबुक के कर्मचारी अब अपनी नौकरी छोड़ने की तैयारी कर रहे हैं और नए नौकरी तलाश रहे हैं।' उन्होंने बताया कि, '2015 के बाद ये पहली बार है जब फेसबुक की रेटिंग में इस तरह की गिरावट आई है।' डोब्रोस्की ने बताया कि,'फेसबुक के कर्मचारी कंपनी की लीडरशिप से ज्यादा मजबूत इंटरनल स्ट्रक्चर और ट्रांसपेरिंसी चाहते हैं।'

पहले नंबर पर बेन एंड कंपनी, चौथी बार हुआ ऐसा
ग्लासडोर की 2019 की लिस्ट में बोस्टन की मैनेजमेंट कंसल्टिंग फर्म 'बेन एंड कंपनी' पहले नंबर पर है और इसे 5 में से 4.6 रेटिंग मिली है। ये चौथी बार था जब बेन एंड कंपनी इस लिस्ट में पहले नंबर पर रही। इससे पहले यही कंपनी 2012, 2014 और 2017 में भी पहले नंबर पर रह चुकी है। 100 कंपनियों की लिस्ट में इस बार 29 टेक कंपनियों को जगह मिली है जबकि पिछले साल 28 टेक कंपनियां ही इस लिस्ट में शामिल थीं। इसके साथ ही अमेरिकी मल्टीनेशनल कंपनी एचपी को पहली बार इस लिस्ट में शामिल किया है।

एपल और माइक्रोसॉफ्ट ने लगाई छलांग 
ग्लासडोर की लिस्ट में एपल इस साल 71वें नंबर पर रही जबकि पिछले साल एपल 84वें नंबर पर थी। वहीं माइक्रोसॉफ्ट भी इस लिस्ट में 39वें नंबर से 34वें नंबर पर पहुंच गई है।

 

नौकरी के लिए टॉप-10 बेस्ट प्लेस :                           

कंपनी                                            रेटिंग

  • बेन एंड कंपनी                                 4.6
  • जूम वीडियो कम्युनिकेशन                4.5
  • इन-एन-आउट बर्गर                         4.5
  • प्रोकोर टेक्नोलॉजीस                        4.5
  • बोस्टन कन्सल्टिंग ग्रुप                    4.5
  • लिंक्डइन                                       4.5
  • फेसबुक                                         4.5
  • गूगल                                            4.4
  • लुलेमन                                         4.4
  • साउथवेस्ट एयरलाइंस                     4.4

Sonia Goswami

Advertising