Meta पर 17 अरब डॉलर का समझौता, बच्चों की सुरक्षा के लिए Facebook और Instagram में होंगे बड़े बदलाव
punjabkesari.in Thursday, Aug 27, 2026 - 01:01 AM (IST)
ऑकलैंडः कंपनी 'मेटा' ने किशोरों में सोशल मीडिया की लत से जुड़े एक ऐतिहासिक मुकदमे को समाप्त करने और 47 राज्यों द्वारा दायर दावों के निपटारा के लिए 17 अरब अमेरिकी डॉलर का भुगतान करने तथा अपने फेसबुक और इंस्टाग्राम मंचों पर बच्चों की सुरक्षा से जुड़े उपाय बढ़ाने पर सहमति जताई है। राज्यों के महाधिवक्ताओं ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अमेरिका के कैलिफोर्निया, कोलोराडो, केंटकी और न्यू जर्सी समेत 29 राज्यों ने 2023 में इस सोशल मीडिया कंपनी के खिलाफ मुकदमा दायर किया था। हालांकि, इस समझौते से मुकदमे की सुनवाई बीच में ही समाप्त हो जाएगी। सुनवाई के दौरान कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मार्क जुकरबर्ग के कैलिफोर्निया की संघीय अदालत में जूरी के सामने गवाही देने की उम्मीद थी।
महाधिवक्ता जे. जोन्स ने एक बयान में कहा कि अकेले वर्जीनिया में यह समझौता 35.3 करोड़ अमेरिकी डॉलर का है और राज्य में उपभोक्ता संरक्षण के इतिहास के सबसे बड़े समझौतों में से एक है। जोन्स ने कहा, ''वर्षों से मेटा ने लत लगाने वाले और नुकसानदेह फीचर के बारे में जनता को जानबूझकर गुमराह किया, जिससे युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ा है।''
उन्होंने कहा कि यह समझौता ''इन खतरनाक गतिविधियों को समाप्त करेगा और बच्चों को ऑनलाइन नुकसान से बचाने के लिए सार्थक राहत प्रदान करेगा।'' मेटा ने टिप्पणी के अनुरोध का तत्काल जवाब नहीं दिया। गौरतलब है कि 17 अरब अमेरिकी डॉलर का यह समझौता कंपनी के 2025 के 201 अरब अमेरिकी डॉलर के राजस्व का एक छोटा हिस्सा है। मुकदमे में मेटा पर युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य संकट को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया था।
इसमें कहा गया था कि कंपनी ने बच्चों को अपने मंचों का आदी बनाने वाले फीचर को जानबूझकर डिजाइन किया और उनके बारे में जनता से जानकारी छिपाई। मुकदमे में यह भी कहा गया कि मेटा ने 13 साल से कम उम्र के बच्चों का उनके माता-पिता की सहमति के बिना नियमित रूप से डेटा एकत्र कर संघीय कानूनों का उल्लंघन किया। मामले की सुनवाई पिछले सप्ताह कैलिफोर्निया के ऑकलैंड में शुरू हुई। अमेरिकी जिला न्यायाधीश यवोन गोंजालेज रोजर्स ने सुनवाई की अध्यक्षता की। इंस्टाग्राम के प्रमुख एडम मोसेरी ने बच्चों की सुरक्षा तथा निजता के मामले में मेटा के रिकॉर्ड और प्रगति के बारे में जानकारी दी।
