इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद को शांति का नोबेल पुरस्कार

Saturday, Oct 12, 2019 - 04:41 PM (IST)

ओस्लोः इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद को शांति का नोबेल पुरस्कार दिया गया है। यह पुरस्कार उनके देश के चिर शत्रु इरिट्रिया के साथ संघर्ष को सुलझाने के लिए दिया गया है। उन्हें उनके शांति प्रयासों खासकर पड़ोसी देश इरिट्रिया के साथ सीमा विवाद को हल करने में निर्णायक भूमिका के लिए यह पुरस्कार दिया गया। उन्हें इथियोपिया का नेल्सन मंडेला भी कहा जाता है।

 

सत्ता संभालने के बाद से, अहमद ने राजनीति में महिलाओं की भूमिका में बढ़ोतरी करने की पहल की। उन्होंने सरकार में अपने देश के 20 मंत्री पदों में से आधे पदों पर महिलाओं को नियुक्त किया, जिसमें देश की पहली महिला रक्षा मंत्री भी शामिल थीं। 43 साल के अबी अहमद अप्रैल 2018 में इथियोपिया के प्रधानमंत्री बने थे। उन्होंने उसी समय स्पष्ट कर दिया था कि वह इरिट्रिया के साथ शांति वार्ता को बहाल करेंगे।

 

उन्होंने इरिट्रिया के राष्ट्रपति इसैयस अफवर्की के साथ मिलकर तुरंत इस दिशा में पहल शुरू की। पिछले साल ही इथियोपिया और इरिट्रिया ने सीमा विवाद को हल करने के लिए शांति समझौता किया। इस तरह 20 सालों से दोनों देशों में चल रहा सैन्य तनाव खत्म हुआ। 1998 से 2000 के बीच दोनों देशों के बीच युद्ध चला था। अबी अहमद अली शांति के लिए नोबेल पुरस्कार पाने वाले 100वें शख्स/संस्था हैं। 2002 में अंतर्राष्ट्रीय सीमा आयोग के मध्यस्थता के फैसले को स्वीकार करना अहमद की सफलता का एक महत्वपूर्ण आधार था।

Tanuja

Advertising