‘घर में रहें, वीडियो शेयर न करें’, हूती हमलों के बीच सऊदी अरब में भारतीयों के लिए एडवाइजरी
punjabkesari.in Thursday, Oct 08, 2026 - 10:04 PM (IST)
इंटरनेशनल डेस्कः यमन के ईरान-समर्थित हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब के हवाई अड्डों और अन्य नागरिक ठिकानों पर किए गए मिसाइल व ड्रोन हमलों के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। इन हमलों के मद्देनजर रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने सभी भारतीयों को सतर्क रहने, ज्यादा से ज्यादा घर के अंदर रहने और स्थानीय अधिकारियों द्वारा आधिकारिक माध्यमों से जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। इसके साथ ही, दूतावास ने नागरिकों को मौजूदा घटनाओं से जुड़ा कोई भी वीडियो या समाचार सोशल मीडिया पर शेयर न करने की सख्त हिदायत भी दी है।
In view of the current situation, all Indian nationals in the Kingdom of Saudi Arabia are advised to remain alert and vigilant, stay indoors as necessary, and follow the instructions issued by local authorities through official channels. Indian nationals are strongly advised to refrain from circulating or reposting any videos or news related to the ongoing events
— ANI (@ANI) October 8, 2026
किंग खालिद और अभा एयरपोर्ट पर ड्रोन-मिसाइल हमले, उड़ानें प्रभावित
जानकारी के अनुसार, यमन के हूती उग्रवादियों ने रियाद स्थित किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट और पूर्वी सऊदी अरब के दम्माम सहित कई ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन से हमले किए हैं। इन हमलों के कारण रियाद में विमानों का संचालन अस्थायी रूप से प्रभावित और निलंबित करना पड़ा। सऊदी अधिकारियों के मुताबिक, पिछले दो दिनों में अभा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और किंग खालिद हवाई अड्डे को निशाना बनाकर किए गए इन हमलों में तीन आम नागरिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।
भारत ने जताई कड़ी आपत्ति, कहा— 'सऊदी अरब के साथ मजबूती से खड़े हैं'
भारत सरकार ने सऊदी अरब के हवाई अड्डों पर हुए इन हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार (8 अक्टूबर) को जारी एक बयान में स्पष्ट किया कि आम नागरिकों से जुड़े बुनियादी ढांचे और प्रतिष्ठानों को निशाना बनाना पूरी तरह से अस्वीकार्य है। भारत ने हमले में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। विदेश मंत्रालय ने दोहराया है कि भारत इस मुश्किल घड़ी में सऊदी अरब की सरकार और वहां के लोगों के साथ पूरी एकजुटता के साथ खड़ा है।
