PHOTOS: भीषण भूकंप से हिला जापान, 4 की मौत व 90 से ज्यादा लोग घायल...पटरी से उतरी चलती बुलेट ट्रेन

Thursday, Mar 17, 2022 - 08:55 AM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: उत्तरी जापान के फुकुशिमा तट पर बुधवार रात को 7.4 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और 90 से अधिक लोग घायल हो गए। जापान के प्रधानमंत्री फुमिओ किशिदा ने गुरुवार सुबह संसद के एक सत्र में कहा कि भूकंप के दौरान चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 97 अन्य घायल हुए हैं।

भूकंप की तीव्रता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वहां एक बुलेट ट्रेन पटरी से नीचे उतर गई। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने गुरुवार तड़के फुकुशिमा और मियागी प्रांत के तटों पर सुनामी के लिए अपनी कम जोखिम वाली चेतावनी वापस ले ली है।

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने बताया कि स्थानीय समयानुसार बुधवार रात 11 बजकर 36 मिनट पर आए भूकंप का केन्द्र समुद्र में 60 किलोमीटर की गहराई में था। यह क्षेत्र उत्तरी जापान का हिस्सा है, जो 2011 में नौ तीव्रता वाले विनाशकारी भूकंप और सुनामी से तबाह हो गया था। भूकंप के कारण परमाणु आपदा भी आई थी।

Seema Sharma

Advertising