दुबईः फोन पर ऊंची आवाज में बात करने पर भारतीय ने की हत्या

Wednesday, Sep 12, 2018 - 02:23 PM (IST)

दुबईः दुबई में एक भारतीय व्यक्ति ने फोन पर ऊंची आवाज में बात करने पर अपने साथ रह रहे युवक का कथित रूप से कत्ल कर दिया। खलीज टाइम्स ने खबर दी है कि कोर्ट ऑफ फस्र्ट इनटेंस में 37 वर्षीय निर्माण मजदूर पर हत्या और बिना लाइसेंस के शराब पीने का आरोप लगाया गया है। 

एक चश्मदीद ने आरोप लगाया कि 30 मार्च को पीड़ित के लिए अल कुसेस में विदाई दावत का आयोजन किया गया था। वहां पर शराब के नशे में भारतीय मजदूर ने उसे चाकू मार दिया। पीड़ित की पहचान नहीं हो पाई है।

चश्मदीद के हवाले से कहा गया है कि दावत के दौरान मोबाइल पर ऊंची आवाज में बात करने को लेकर आरोपी और पीड़ित के बीच झगड़ा हो गया। उन्होंने कहा कि आरोपी ने चाकू उठाया और पीड़ित के पेट में घोंप दिया। उसके बाद उसने चाकू निकाला और भाग गया। इमारत में लगे सीसीटीवी की फुटेज में दिख रहा है कि मुलजिम शौचालय में घुसने के दौरान अपने कपड़ों में चाकू छुपा रहा है। इसके बाद वह वहां से बिना चाकू के जाते हुए दिख रहा है। 
 

Isha

Advertising