101 देशों के लोगों को नाश्ता कराकर दुबई के गुरुद्वारे ने बनाया विश्व रिकॉर्ड

Saturday, Apr 15, 2017 - 12:55 PM (IST)

दुबई: दुबई के एक गुरुद्वारे ने 101 देशों के अधिकतम लोगों को मुफ्त में नाश्ता कराकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है। गुरुनानक दरबार गुरुद्वारा ने गुरुवार को "विविधता के लिए नाश्ता" का आयोजन किया था। इस अनूठे प्रयास में 101 देशों के 600 लोगों को मुफ्त नाश्ता कराया गया। कई देशों के लोगों के शामिल होने से गुरुद्वारा गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड में जगह पाने में कामयाब हुआ है। 

मीडिया रिपोर्ट मुताबिक कार्यक्रम में संयुक्त अरब अमीरात में भारत के राजदूत नवदीप सिंह सूरी मुख्य अतिथि थे। स्कूली बच्चों, सरकारी अधिकारियों और राजनयिकों ने इस समारोह में भाग लिया। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड के अधिकारियों ने पूर्व का रिकार्ड टूटने की पुष्टि की। अधिकारियों ने कहा कि गुरुद्वारा ने इटली में 2015 में 55 देशों के लोगों को नाश्ता कराने का रिकार्ड तोड़ दिया है। इटली में नुटेला ने मिलन एक्सपो में नाश्ते का आयोजन किया था।  


गुरुद्वारा गुरु नानक दरबार के अध्यक्ष सुरेंद्र कंधारी ने कहा, "सिख धर्म ने हमेशा से विविधता को गले लगाया है, क्योंकि यह हमारे विश्वास और धर्म का हिस्सा है। हम सभी मानव हैं और सबका सम्मान किया जाना चाहिए।" यह गुरुद्वारा श्रद्धालुओं को अपने लंगर से मुफ्त भोजन मुहैया कराने के लिए जाना जाता है। संयुक्त अरब अमीरात में 50,000 सिख श्रद्धालु इस गुरुद्वारा से जुड़े हैं।

Advertising