हाईवे पर अचानक होने लगी नोटों की बारिश; कारें खड़ी कर लूटने लगे लोग, लग गया लंबा जाम (Video)

Sunday, Nov 21, 2021 - 01:04 PM (IST)

न्यूयार्कः कभी किसी ने नोटों की बारिश होते देखी है। लेकिन ऐसा सच में हुआ है। नोटों की "बारिश" का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।  मामला अमेरिका के कैलिफोर्निया का है जहां हाइवे पर अचानक नोट बरसने शुरू हो गए। शुक्रवार को  कार्ल्सबैड हाईवे से गुजर रहे एक ट्रक का बैक डोर अचानक से खुला और इसमें डॉलर से भरे कई सारे बैग हवा में तेजी से उड़ गए।  कुछ देर के लिए ऐसा लगा कि सड़क पर नोटों की बारिश हो रही हो। इस दौरान सड़क से गुजर रहे लोगों ने अपनी कारें खड़ीं कीं और डॉलर लूटने लगे। जो जहां था वहीं रुक गया और नोट इकट्‌ठा करने लगा। इस दौरान ट्रैफिक जाम जैसी स्थिति बन गई।
 

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by DEMI BAGBY (@demibagby)


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ह घटना कार्ल्सबैड में इंटरस्टेट हाईवे-5 पर सुबह 9:15 के आसपास की है, जब ट्रक सैन डिएगो से फेडरल डिपॉजिट इंश्योरेंस कॉर्प के एक ऑफिस की ओर जा रहा था। सड़क पर उड़ रहे नोटों को देखकर कई लोग अपनी कार खड़ी कर उसे समेटने लगे। इस दौरान ट्रक के ड्राइवर ने इसका विरोध किया तो लोग हाथापाई पर उतर गए।  कैलिफोर्निया हाईवे पेट्रोल सार्जेंट कर्टिस मार्टिन ने कहा- घटना सुबह सवा नौ बजे की है। ट्रक में कई सारे बैग थे, जो सड़क पर गिर गए। ट्रक की रफ्तार तेज थी  जिसके कारण बैग खुल गए और उसमें भरे नोट सड़क पर उड़ने लगे।

सभी बैग एक और 20 डॉलर के नोटों से भरे हुए थे। पुलिस को जैसे ही घटना की जानकारी मिली उन्होंने हाईवे को दोनों तरफ से सील कर दिया। पुलिस ने ऐसा लोगों की जांच के लिए किया। हालांकि करीब दो घंटे की जद्दोजहद के बाद सड़क को फिर से खोल दिया गया। सड़क पर डॉलर देख लोग पागलों की तरह उछल रहे थे। ऐसा लग रहा था मानो उनकी लॉटरी लग गई हो। जो जहां था वहीं नोटो को दोनों हाथों से बटोर रहा था। कई लोग तो दोनों हाथों में नोट लिए खुशी के मारे चिल्ला रहे थे, तो कभी डांस कर रहे थे। इनमें महिला और पुरुष दोनों शामिल थे। इनमें से कई लोग डॉलर इकट्ठा करने के साथ वीडियो भी बना रहे थे। ये वीडियो सोशल मीडिया पर भी अपलोड किए गए हैं, जो तेजी से वायरल हो रहे हैं।

घटना के बाद ट्रक ड्राइवर ने हाईवे पेट्रोलिंग पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे सार्जेंट ने नोट लूट रहे लोगों को चेतावनी दी और उसे जमा कराने को कहा। हालांकि उस दौरान कुछ लोगों ने पैसे वापस किए वहीं कुछ लोग डॉलर लेकर फरार भी हो गए।   पुलिस ने घटना को लेकर विशेष चेतावनी जारी की है कि अगर वे पैसे पुलिस को नहीं लौटाएंगे तो उन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अमेरिका की जांच एजेंसी FBI भी मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों ने तुरंत यह नहीं बताया कि कितना पैसा गायब हुआ है। हालांकि, सैन डिएगो यूनियन-ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार दोपहर तक कम से कम एक दर्जन लोगों ने पैसे वापस कर दिए थे। 

Tanuja

Advertising