म्यांमार में भूकंप से तबाही के बाद मृतकों की संख्या 2,000 के पार, राहत कार्य जारी
punjabkesari.in Monday, Mar 31, 2025 - 09:42 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: म्यांमार में 28 मार्च को आए 7.7 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप में अब तक मरने वालों की संख्या 2,056 हो चुकी है। इस भीषण आपदा में 3,900 से अधिक लोग घायल हो गए हैं, जबकि 270 से अधिक लोग लापता हैं। राहत और बचाव दल लगातार मलबे में दबे लोगों की तलाश में जुटे हैं। म्यांमार की सेना ने इस आपदा के मद्देनजर एक सप्ताह के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। भूकंप के बाद म्यांमार में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, सोमवार को बचाव दल ने मांडले स्थित ग्रेट वॉल होटल के मलबे से एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। यह घटना राहत कार्यों में एक नई उम्मीद लेकर आई है। मांडले शहर भूकंप के केंद्र के नजदीक स्थित है, जहां तबाही का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला है।
बैंकॉक में गिरी निर्माणाधीन इमारत, 76 लोगों की तलाश जारी
भूकंप के झटके न केवल म्यांमार बल्कि पड़ोसी देश थाईलैंड में भी महसूस किए गए। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में एक निर्माणाधीन गगनचुंबी इमारत ढह गई, जिसके मलबे में 76 से अधिक लोग दबे हुए हैं। बचाव दल लगातार लोगों की तलाश कर रहा है। रविवार को थाईलैंड में मृतकों की संख्या 18 थी, लेकिन बचाव कार्य के दौरान और शव मिलने की आशंका जताई जा रही है।
भारत और अंतरराष्ट्रीय संगठनों से मदद
इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लगभग 23,000 लोगों को राहत पहुंचाने के लिए भारत और संयुक्त राष्ट्र समेत कई अंतरराष्ट्रीय संगठन म्यांमार की मदद कर रहे हैं। भोजन, दवाइयां और आश्रय सामग्री तेजी से भेजी जा रही है।
मस्जिदों में भारी तबाही, रमज़ान की नमाज़ के दौरान 700 की मौत
स्प्रिंग रिवोल्यूशन म्यांमार मुस्लिम नेटवर्क के अनुसार, भूकंप के दौरान शुक्रवार की नमाज़ के वक्त 700 से अधिक नमाज़ियों की मौत हो गई। लगभग 60 मस्जिदें पूरी तरह से नष्ट हो चुकी हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि इन मृतकों को आधिकारिक आंकड़ों में शामिल किया गया है या नहीं।
गृहयुद्ध से जूझ रहे म्यांमार में बढ़ी मुश्किलें
म्यांमार पहले से ही गृहयुद्ध और राजनीतिक अस्थिरता से जूझ रहा है। ऐसे में यह भूकंप देश के लिए एक और बड़ी चुनौती बनकर आया है।