ओक्लाहोमा में गोलीबारी में किशोर की मौत, 2 लड़कियां घायल

Friday, Nov 02, 2018 - 02:45 PM (IST)

ओक्लाहोमाः अमरीका में पूर्वी ग्रामीण क्षेत्र ओक्लाहोमा में गोलीबारी में 18 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो लड़कियां घायल हो गईं। पीड़ितों में से एक की मां बताई जा रही एक महिला को हिरासत में लिया गया है। ओक्मुलगी काउंटी शेरिफ एडी राइस ने बताया कि तुल्सा से करीब 35 किलोमीटर दक्षिण पश्चिम में नुयाका इलाके में एक मकान में गुरुवार को स्थानीय समायानुसार सुबह साढ़े छह बजे गोलीबारी हुई। उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि घटनास्थल पर युवक मृत पाया गया, एक लड़की की हालत गंभीर है और दूसरी की हालत स्थिर है।          

राइस ने बताया कि पीड़ितों में से एक की जैविक मां बताई जा रही 38 वर्षीय एमी लीन हॉल हिरासत में है। उसपर फस्र्ट डिग्री हत्या और हत्या के इरादे से गोलियां चलाने के आरोप लगाए गए हैं। 

उन्होंने बताया कि पुलिस घरेलू मुद्दों को लेकर कई बार इस मकान में जा चुकी है। इससे पहले हॉल साल 2014 में चोरी के आरोप को स्वीकार कर चुकी है। शेरिफ ने बताया कि अधिकारियों का मानना है कि कोई और इस गोलीबारी में शामिल नहीं था और समुदाय को कोई खतरा नहीं है।एक स्कूल के अधीक्षक ने बताया कि पीड़ित भाई-बहन थे और स्कूल के छात्र थे।   
 

Isha

Advertising