नेपाल में हिमस्खलन से गाइड की मौत, डच ट्रेकर लापता

Monday, Mar 11, 2019 - 03:54 PM (IST)

 

काठमांडूः नेपाल में पिछले कुछ दिनों से जारी हिमपात के चलते यहां कई इलाकों में हिमस्खलन भी हुआ जिसके चलते एक गाइड की मौत हो गई जबकि एक डच ट्रेकर लापता है। हिमस्खलन से मरने वाला गाइड स्थानीय निवासी बताया जा रहा है। जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है और सर्च अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासनिक दल हिमस्खलन में लापता हुए डच ट्रेकर को ढूंढने में भी जुट गई है।

काठमांडू पोस्ट के मुताबिक ऊपरी मनांग, भाखड़ा, पिसांग, टंकी मनांग, घायारू, खंगसर और जिला मुख्यालय के आस-पास के इलाकों में हिमस्खनल से काफी नुकसान हुआ है। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, ये घटना शुक्रवार की है। इन इलाकों में हुए भीषण हिमस्खलन के कारण पर्वतारोहियों को भी परेशानी हो रही है। नेपाल का मनांग जिला ट्रेकरों और पर्वतारोहियों के लिए जाना जाता है। सर्दी के दिनों में यहां पर भारी बर्फबारी और बारिश होती है, जिसकी वजह से लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।

 इससे पहले अक्तूबर 2018 में पश्चमी नेपाल के माउंट गुर्जा पहाड़ पर हुए हिमस्खलन में करीब नौ पर्वतारोहियों की मौत हो गई थी। हादसे में मरने वालों में पांच दक्षिण कोरियाई पर्वतारोही शामिल थे। जबकि 2015 में एक ऐसे ही हादसे में कम से कम 15 पर्यटक लापता हो गए थे जिनमें से 11 की मौत हो गई।

Tanuja

Advertising